एटा। थाना बागवाला क्षेत्र में 22 मई को एक किशोरी का शव फंदे पर मिला था। उसके पिता ने गांव के ही एक युवक पर हत्या का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज करा दी, लेकिन पुलिस की जांच में कुछ और ही मामला सामने आया। पिता की पिटाई से क्षुब्ध होकर किशोरी ने आत्महत्या की थी। इसके बाद पिता ने उसके प्रेमी को फंसाने के लिए हत्या की झूठी कहानी रच डाली। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है।
थाना प्रभारी संजयपाल सिंह राघव ने बताया कि मानिकपुर निवासी रामनारायण ने 22 मई को पुलिस को सूचना दी। बताया कि रात लगभग 9:30 बजे वह अपने बेटे प्रवीन को लेकर छत पर सो रहा था। उसकी 15 वर्षीय पुत्री करिश्मा नीचे कमरे में सो रही थी।
बाहर गली से गांव के ही दयानंद ने मुझको आवाज लगाकर नीचे बुलाया। छत से उतरकर नीचे आ रहा था तभी गांव का राजकुमार बेटी के कमरे से निकलकर भागा। जिसका कुछ दूर पीछा किया। घर आकर देखा तो पुत्री जमीन पर मृत पड़ी थी।
एएसपी धनंजय सिंह कुशवाहा ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण फंदा लगना आया। रामनारायण के 12 वर्षीय पुत्र से पूछताछ की। उसने बताया कि घटना वाले दिन पिता ने बहन की पिटाई की थी। इसी से आहत होकर किशोरी ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
रामनारायण ने राजकुमार के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करा दिया। किशोरी के इसके साथ मधुर संबंध थे। पुलिस ने जब कड़ाई से पूछताछ की तो रामनारायण ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरण में मामला दर्ज कर आरोपी को जेल भेजा गया है।