एटा। थाना जलेसर में अमन कुमार निवासी माधव नगर ने सराय खानम निवासी पप्पू सहित पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोप है कि इन लोगों ने साजिश के तहत उसकी ऑटो पार्ट्स की दुकान में आग लगा दी, जिसके चलते लाखों रुपये का नुकसान हो गया। एक घंटे में आग पर काबू पाया गया।
कस्बा के माधव नगर निवासी अमन कुमार ने बताया कि उसकी आगरा चौराहे के पास अमन ऑटो पार्ट्स के नाम से दुकान है। 13 दिसंबर की शाम लगभग 7 बजे पता चला कि दुकान से धुआं निकल रहा है।
जानकारी मिलते ही हम लोग मौके पर पहुंचे, तो देखा वहां सराय खानम निवासी पप्पू, अनुज और अंकित भी मौजूद थे। वहां मौजूद लोगों के साथ हमने आग बुझाने का प्रयास किया। कड़ी मशक्कत के बाद भी आग बुझाने में नाकाम रहे।
सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने काफी प्रयास करते हुए लगभग 1 घंटे में आग पर काबू पाया। तब तक दुकान में लगभग 20 लाख रुपये का सामान जलकर बर्बाद हो गया।
बाद में जब मैंने देखा तो दुकान के बराबर वाली वैल्डिंग की दुकान में से मेरी दुकान की ओर बड़ा सा छेद था। इससे पता चलता है कि पप्पू, अंकित और अनुज ने साजिश करके मेरी दुकान में आग लगाई है।
सीओ जलेसर नितीश गर्ग ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है जांच-पड़ताल की जा रही है, जो भी तथ्य निकलकर सामने आएंगे उनकी आधार पर कार्रवाई की जाएगी।