एटा। पिलुआ थाना क्षेत्र के गांव नगला मोहन में मंगलवार की रात एक गर्भवती महिला की मौत हो गई। मायके वालों ने पिटाई कर हत्या करने का आरोप लगाया है। मृतका के चेहरे व पेट पर चोट के निशान हैं। पोस्टमार्टम हाउस पर पिलुआ थाना क्षेत्र के गांव नगरिया निवासी नवाब सिंह ने बताया कि 25 वर्षीय बेटी प्रभा की शादी वर्ष 2019 में थाना क्षेत्र के गांव नगला मोहन निवासी संदीप के साथ की थी। शादी के कुछ समय बाद उसके ससुरालीजन अतिरिक्त दहेज की मांग करने लगे।
उसे प्रताड़ित किया जाने लगा। मंगलवार की रात ससुरालीजन ने उसकी पिटाई कर हत्या कर दी। बताया कि बेटी के चेहरे व शरीर पर चोट के निशान मिले हैं। बुधवार की सुबह गांव के लोगों ने सूचना दी, जिसके बाद वह बेटी के ससुराल पहुंचे। जहां से सभी ससुरालीजन फरार थे। उन्होंने बताया कि दामाद ट्रक चालक है। तहरीर पर पुलिस ने पति, सास, ससुर सहित जेठ जिठानी पर पर रिपोर्ट दर्ज की है।