एटा। मिरहची थाना पुलिस ने एक महीने पहले बुजुर्ग की हत्या का खुलासा किया है। 9 नवंबर को विपुल शर्मा निवासी न्याजनगर ने पिता व्यासनंदन शर्मा की हत्या अज्ञात लोगों के विरुद्ध किए जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
प्रभारी निरीक्षक जयेंद्र प्रसाद मौर्य ने बताया कि व्यासनंदन के बड़े बेटे विमल कुमार की मौत के बाद राघवेंद्र दीक्षित निवासी न्याजनगर घर आता-जाता था। इस बात का व्यासनंदन विरोध करते थे। अपनी जमापूंजी उन्होंने छोटे बेटे को दे दी। जिससे कुपित विमल के 16 वर्षीय पुत्र ने राघवेंद्र के साथ मिलकर व्यासनंदन की हत्या गला दबाकर कर दी थी। वहीं जैथरा पुलिस ने 14 नवंबर को गांव लालपुर जहांगीराबाद में वृद्ध विश्नुदयाल की हत्या की रिपोर्ट राजकुमार, गुलशन, दीपक, मुकेश के विरुद्ध दर्ज कराई। इनमें से पुलिस ने मुकेश निवासी गड़िया थाना कायमगंज जिला फर्रुखाबाद को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा 14 नवंबर को शहर में काली मंदिर के पास एक महिला से चेन स्नेचिंग करने वाले राजकुमार उर्फ बिट्टा निवासी द्वारिकापुरी और प्रशांत निवासी गाजीपुर पहोर थाना कोतवाली देहात को गिरफ्तार किया है। इनके पास से लूटी हुई चेन और घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद की गई है। संवाद