सकीट। थाना क्षेत्र के गांव बक्सीपुर खास में सोमवार सुबह करीब 20 वर्षीय युवक का शव घर के कमरे में फंदे पर लटका मिला। घटना से परिवार में चीख-पुकार मच गई।
विज्ञापन
गांव निवासी राघवेंद्र पुत्र राधेश्याम जनपद शाहजहांपुर के नगला आशा में अपनी बुआ के घर रहकर कक्षा 11 की पढ़ाई कर रहा था। दो दिन पहले ही वह घर आया था। सोमवार सुबह परिवार के लोग आलू की बुवाई के लिए बीज तैयार कर रहे थे। इसी दौरान छोटे भाई को कमरे से बोरी लाने भेजा। वहां राघवेंद्र को फंदे पर लटका देख उसके होश उड़ गए।
परिजन ने बताया कि कुछ दिन पहले गांव के ही कुछ लोगों से उसका विवाद हुआ था। दोनों पक्षों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई भी की थी। पिता ने आरोप लगाया कि दूसरे पक्ष के लोग आए दिन गाली-गलौज करते थे जिससे वह मानसिक रूप से तनाव में था। सीओ नितीश गर्ग का कहना है कि हर पहलू पर जांच की जा रही है। तहरीर मिलने पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।