अलीगंज। बाजार करने पैदल जा रही महिला को डाक बंगला के पास अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। राहगीरों की सूचना पर पहुंचे परिजन उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगंज लेकर पहुंचे जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से भाग गया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर वाहन और चालक की पहचान करने में जुटी है।
थाना राजा का रामपुर क्षेत्र के गांव कैला निवासी मिथलेश (65) बृहस्पतिवार सुबह करीब नौ बजे अलीगंज बाजार करने के लिए घर से निकली थीं। डाक बंगला के पास हेल्थ केयर सेंटर के सामने पहुंचते ही अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर लगने से वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं।
हादसे के बाद चालक वाहन लेकर भाग निकला। आसपास के लोगों ने घटना की जानकारी परिजन को दी। परिजन मौके पर पहुंचे और महिला को सीएचसी अलीगंज ले गए। चिकित्साधीक्षक डॉ. सर्वेश कुमार ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। उन्होंने बताया कि महिला की अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत हो चुकी थी।
महिला की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। अस्पताल पहुंचे विधायक पुत्र जितेंद्र सिंह राठौर ने परिजन से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और हरसंभव मदद का भरोसा दिया। सीओ अलीगंज राजेश सिंह ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है।
घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज निकलवाई जा रही है। इससे टक्कर मारने वाले वाहन की पहचान की जा सके। तहरीर मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।