एटा। कासगंज रोड स्थित सतीश अस्पताल में शुक्रवार को लापरवाही के चलते प्रसूता की मौत हो गई थी। इस मामले में सीएमओ ने दो सदस्यीय टीम का गठन किया है जो मामले की जांच करेगी।
सीएमओ डॉ. राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि कासगंज रोड स्थित सतीश अस्पताल में प्रसूता की मौत का मामला संज्ञान में आया है। इस मामले की जांच के दो सदस्यीय टीम का गठन किया गया है। टीम में एसीएमओ डॉ. राममोहन तिवारी और डॉ. सतीश चंद्र नागर को शामिल किया गया है। उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया अस्पताल पंजीकृत है। जांच रिपोर्ट आने के बाद विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि थाना देहात कोतवाली क्षेत्र के नगला जगरूप निवासी अजीत पत्नी रजनी(26) को बुधवार को कासगंज रोड स्थित सतीश अस्पताल में प्रसव कराने के लिए भर्ती किया था। उसी दिन उसने एक नवजात बेटे को जन्म दिया। नवजात स्वस्थ है। शुक्रवार सुबह उसकी अचानक तबीयत खराब हो गई। अजीत के भाई रंजीत ने बताया कि तबीयत खराब होने के बाद अस्पताल में चिकित्सकों ने आगरा रेफर कर दिया। यहां पर कोई उपचार नहीं दिया। रजनी को आगरा लेकर पहुंचे यहां चिकित्सकों ने परीक्षण के उपरांत मृत घोषित कर दिया।