एटा कोतवाली नगर के शहीद पार्क स्थित पानी की टंकी पर चढ़कर मंगलवार को एक युवक ने आधे घंटे तक हाई वोल्टेज ड्रामा किया। पुलिस की ओर से कार्रवाई का आश्वासन देने के बाद युवक उतर आया। युवक का आरोप है कि पुलिस आरोपियों पर कार्रवाई नहीं कर रही है और न ही उसकी रिपोर्ट दर्ज की जा रही है। मंगलवार को भी आरोपियों ने उसकी पत्नी सहित परिवार को पीटा है।
शहर के मोहल्ला भगीपुर निवासी नितिन जैन का आरोप है कि आदेश शर्मा और गोपाल शर्मा निवासी रश्मिलोक टाकीज के यहां नौकरी करता है। इन दोनों ने 27 जून को एक बैग दिया, इस बैग को मोहल्ला शिवगंज निवासी सोनू गुप्ता के घर पहुंचाने के लिए कहा गया। वह बैग लेकर जा ही रहा था तभी पुलिस ने पकड़ लिया।
एक भवन में शुरू हुआ था आगरा विश्वविद्यालय, इन हस्तियों ने पाई शिक्षा, पढ़िए गौरवमयी इतिहास की दास्तां
पुलिस ने बैग की तलाशी ली तो उसमें गांजा निकला। पुलिस को सच्चाई बताई तो उसे छोड़ दिया और बैग जब्त कर लिया। आरोप है कि आदेश, सोनू गुप्ता और विक्की ठाकुर निवासी ठाकुर अहाता शिकोहाबाद रोड घर पहुंचे और गांजा के 28 हजार रुपये वसूली के लिए मारपीट की।
ताजनगरी के लिए राहत की खबरः एसएन में घट रहे मरीज, खाली हुए आईसीयू-वेंटिलेटर
इसकी शिकायत पत्नी के साथ जाकर कोतवाली नगर में की गई, लेकिन आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई। मंगलवार को आरोपियों ने घर पर पहुंचकर पत्नी और उसे फिर पीटा। कार्रवाई नहीं होने से आहत नितिन जैन दोपहर बाद पानी की टंकी पर चढ़ गया।
बाद में मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे कार्रवाई का आश्वासन देकर उतार लिया और अपने साथ ले गई। चौकी प्रभारी इंद्रपुरी चमन गोस्वामी ने बताया है कि युवक की परेशानी सुन ली गई है। थाना पर आरोपियों को भी बुलाया गया है, सत्यता जानकर कार्रवाई की जाएगी।