30एमएनपी-07-मांगों को लेकर जिला अस्पताल में प्रदर्शन करते एंबुलेंस चालक
- फोटो : MAINPURI
मैनपुरी। सेवा प्रदाता कंपनी को लेकर सोमवार से शुरू हुई 102 एंबुलेंस चालक और ईएमटी (इमरजेंसी मेडिकल टेक्नीशियन) की हड़ताल दूसरे दिन भी जारी रही। मंगलवार को हड़ताल कर रहे पायलट और ईएमटी ने जिला अस्पताल में प्रदर्शन भी किया। दूसरे दिन 102 एंबुलेंस सेवा बंद होने से प्रसव के लिए आने वाली महिलाओं और उनके परिजनों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। विभाग ने 108 और जीवन रक्षक एंबुलेंस की मदद भी ली।
जिले के एंबुलेंस चालक और ईएमटी ने सोमवार को 102 एंबुलेंस सेवा को बंद कर दी थी। एंबुलेंस चालकों ने कहा कि सेवा प्रदाता कंपनी जनवरी से ईएमटी व चालकों के मानदेय से लगातार कटौती कर रही हैं। मंगलवार को जिले में 102 एंबुलेंस सेवा बंद होने पर विभाग ने 108 और आधुनिक जीवन रक्षक प्रणाली युक्त एंबुलेंस की मदद ली लेकिन इससे काम नहीं चल पाया। कई लोग ई-रिक्शा और मोटर साइकिल से ही प्रसव पीड़िताओं को लेकर अस्पताल पहुंचे।
जिला अस्पताल में प्रदर्शन करने वालों में जिलाध्यक्ष अर्जुन सिंह, जिला उपाध्यक्ष नवीन पाठक, आरिफ पठान, पवन यादव, अरुण कुमार, सनोज यादव, मंजीत कुमार आदि लोग शामिल है।
102 की गाड़ियां खड़ी कर दी गई हैं। इमरजेंसी सेवा के लिए 108 और जीवन रक्षक प्रणाली युक्त एंबुलेंस की मदद ली जा रही है। जानकारी उच्चाधिकारियों को भेज दी गई है।
संदीप कुमार जिला समन्वयक एंबुलेंस सेवा मैनपुरी