एटा। अलीगंज बीआरसी पर उप्र प्राथमिक शिक्षामित्र संघ की बैठक हुई। 5 सितंबर से लखनऊ में होने वाले बेमियादी धरना-प्रदर्शन की रणनीति बनाई गई। पदाधिकारियों ने कहा कि लखनऊ में इस बार आर-पार की लड़ाई लड़ी जाएगी।
वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह ने कहा कि धरना-प्रदर्शन में सभी शिक्षामित्रों की सहभागिता अनिवार्य है। यह निर्णायक आंदोलन होने जा रहा है। इसके लिए न्याय पंचायत वार शिक्षामित्रों से संपर्क कर उन्हें लखनऊ चलने के लिए प्रेरित किया जाए। कहा कि महंगाई के दौर में 10 हजार रुपये अल्प मानदेय पर कार्य कर रहे शिक्षामित्रों के समक्ष तमाम कठिनाइयां बनी हुई हैं। शिक्षकों के समान कार्य करने के बाद भी अल्प मानदेय दिया जा रहा है। आर्थिक तंगी, अवसाद, हृदयघात से अब तक हजारों शिक्षामित्र दम तोड़ चुके हैं।
उन्होंने कहा कि इस बार शिक्षामित्र लखनऊ से खाली हाथ लौटकर नही आएंगे। सरकार जब-तक हमारे हित में कोई उचित निर्णय नहीं लेती है, लखनऊ में अनवरत धरना जारी रहेगा। ब्लाॅक अध्यक्ष पूरन सिंह यादव ने कहा कि ब्लाॅक के सभी 270 शिक्षामित्र सिर पर कफन बांधकर लखनऊ जाएंगे और अपना हक लेकर ही लौटेंगे। कृपाल सिंह, संजीव कुमार, नीलम राठौर, मीनू शाक्य, प्रीति सक्सेना, मीना बेगम, शाहिस्ता बेगम आदि शिक्षामित्र मौजूद रहे।