मेडिकल कॉलेज में दवा लेने के लिए महिलाओं की लगी कतार। संवाद
- फोटो : सांकेतिक
एटा। मेडिकल कॉलेज के दवा काउंटर पर रोजाना हजारों लोगों को दवा दी जाती है। जगह कम होने से मरीज और परिजन की लंबी लाइनें लगती हैं। खासतौर से महिलाओं को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। अब मेडिकल कॉलेज प्रशासन की ओर से महिलाओं के लिए अलग से 8 दवा काउंटर खोल दिए गए हैं।
मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. बलवीर सिंह ने बताया कि दवा काउंटर पर भीड़ अधिक होने की वजह से सबसे अधिक महिलाओं को दिक्कत होती थी। पहले 7 दवा काउंटर खुले थे, जिसमें दो महिलाओं और चार पुरुषों के लिए काउंटर आरक्षित थे। एक काउंटर वरिष्ठ नागरिकों के लिए है। दवा काउंटर कम होने की वजह से इसके समीप ही दूसरे भवन में महिलाओं के लिए दवा काउंटर खोले गए हैं। यहां पर कुल 8 काउंटर महिलाओं के लिए बनाए गए हैं। यहां से महिलाओं को दवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। दवा काउंटर बनने का कार्य लगभग पूरा हो चुका है। सोमवार से सभी काउंटर पर दवा उपलब्ध होगी। अभी दो काउंटर से महिलाओं को दवाएं वितरित की जा रही है।