एटा। थाना कोतवाली देहात क्षेत्र में नगला गलू के पास एक कंटेनर में शॉर्ट सर्किट होने से आग लग गई। हादसे में चालक मामूली रूप से झुलस गया। वहीं कंटेनर में भरी हुई बजाज कंपनी की 46 बाइकें जलकर खाक हो गईं।
कस्बा व थाना जैथरा निवासी शिवपाल ने बताया कि वह ट्रक चालक है। पंतनगर से बजाज कंपनी की 46 बाइकें कंटेनर में लेकर गुजरात जा रहा था। मंगलवार को देर शाम जैसे ही उसका कंटेनर कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के गांव नगला गलू के पास पहुंचा चेंबर में शॉर्ट सर्किट होने की वजह से आग लग गई। जब तक जानकारी हुई पूरा कंटेनर आग की चपेट में आ चुका था।
आग लगने की सूचना पुलिस को दी और खुद आग बुझाने लगा, जिसके चलते मेरे हाथ भी झुलस गए। फायर ब्रिगेड की टीम ने पहुंचकर बमुश्किल आग पर काबू पाया। थाना प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि इस दुर्घटना में कंटेनर के अंदर रखी हुई बजाज कंपनी की 41 पल्सर और 5 प्लैटिना बाइक जलकर खाक हो गई। आग पर काबू पा लिया गया है और घायल चालक को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया है।