एटा। एटा-कासगंज हाईवे से गांव बदरिया के लिए गई पीडब्ल्यूडी की 300 मीटर की सड़क औद्योगिक इकाइयों के लोडिंग वाहनों से टूट गई है। सड़क का 2022 में ही नवीनीकरण कराया गया था। अब कई जगह गड्ढे हो गए हैं। इसकी वजह से इस पर गुजरना मुश्किल हो रहा है।
पीडब्ल्यूडी प्रांतीय खंड का ग्रामीण मार्ग गांव बदरिया के लिए जाता है। इस मार्ग पर कई औद्योगिक इकाइयों के गोदाम व अन्य गतिविधियां रहती हैं। इने संबंधित भारी वाहनों का आवागमन बना रहता है। महज दो वर्ष में ही 300 मीटर के करीब सड़क टूटकर गड्ढों में बदल गई। इस मार्ग से गांव नगला इमलिया के लिए भी लोगों का जाना होता है। दोनों ही गांव के लोग गड्ढों की वजह से बेहद परेशान हैं और गहरे गड्ढों में आए दिन गिरते हैं।
विभागीय अधिकारियों की ओर से सड़क खराब करने का ठीकरा औद्योगिक इकाई संचालकों के सिर फोड़ दिया गया है। हालांकि प्रस्ताव बनाकर भेजने की बात जरूर कही जा रही है। लेकिन समय से पहले टूटी सड़क बनाने की मंजूरी शासन से मिलना असंभव बताई जा रही हैं। अगर शासन से मंजूरी नहीं मिलती है तो ग्रामीणों को टूटी सड़क से ही मजबूरी में निकलना पड़ेगा।