एटा। ऑनलाइन सट्टेबाजी और साइबर ठगी के लिए इस्तेमाल किए जा रहे 60 बैंक खातों में से पुलिस ने 25 खाते फ्रीज करा दिए हैं। शेष खातों पर कार्रवाई की तैयारी है। गिरोह के मुख्य आरोपी तरुण की तलाश में पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। इन खातों के माध्यम से डेढ़ साल में करीब 8.5 करोड़ रुपये का लेनदेन हुआ था।
एसएसपी डॉ. इलामारन ने बताया कि जांच में सामने आए करीब 60 बैंक खातों को फ्रीज कराने के लिए संबंधित बैंकों के मुख्यालयों को ई-मेल भेजे गए थे। इनमें से 25 खाते फ्रीज करा दिए गए हैं। अन्य खातों को भी फ्रीज कराने की प्रक्रिया चल रही है। ये खाते गरीब और जरूरतमंद लोगों से 10 हजार रुपये महीने के किराये पर लिए गए थे। खाताधारकों से एटीएम कार्ड, सिम और पासबुक भी ले लिए जाते थे। इनका इस्तेमाल ऑनलाइन गेमिंग और सट्टेबाजी की रकम के लेनदेन में किया जा रहा था।
जांच में सामने आया था कि आरोपी उत्कर्ष वर्मा उर्फ यशु दिल्ली निवासी मास्टर माइंड तरुण के संपर्क में रहकर ऑनलाइन कैसीनो, क्रिकेट, फुटबॉल और एविएटर गेम के जरिये सट्टेबाजी संचालित कर रहा था। तरुण नोएडा में रहता है। आईपीएल मैचों के दौरान भी बड़े स्तर पर सट्टा खिलाया जाता था। पुलिस अब तरुण की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगाकर दबिश दे रही है। आरोपियों के मोबाइल फोन में मिले वाट्सएप संदेशों से भी रुपये के लेनदेन से संबंधित अहम जानकारियां मिली हैं।