एटा। निधौली रोड स्थित जिम संचालक पर जानलेवा हमला करने के मामले में कोतवाली नगर पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से घटना में प्रयोग किया गया 315 बोर का तमंचा और एक कारतूस बरामद किया है।
विज्ञापन
सीओ सिटी कीर्तिका सिंह ने बताया कि पांच नवंबर की रात करीब 8:40 बजे सुनील कुमार निवासी चौचा वनगांव, निधौली रोड स्थित श्रृंगार नगर में अपनी जिम पर खड़े थे। इसी दौरान बाइक सवार विश्वराज निवासी एमपी नगर अंधी मोड़ अपने साथियों के साथ पहुंचा और जान से मारने की नीयत से उन पर फायरिंग कर दी। मामले में कोतवाली नगर में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही थी।
उन्होंने बताया कि मामले में नामजद ओमपाल उर्फ ओपी और आशीष उर्फ इंद्रजीत निवासी गांव अंबारी कोतवाली देहात को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के पास से घटना में प्रयोग किया गया 315 बोर का तमंचा और एक कारतूस मिला है। बरामदगी के आधार पर प्राथमिकी में आयुध अधिनियम की धाराएं भी बढ़ाई गई हैं।