जलेसर(एटा)। थाना क्षेत्र में दो बाइकों की आमने-सामने की भिड़ंत में मिस्टर फिरोजाबाद सहित 2 युवकों की मौत हो गई और 2 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। एक मृतक की बहन की शनिवार को शादी है, लेकिन डोली से पहले भाई की अर्थी उठ गई। वहीं, फिरोजाबाद निवासी दूसरे मृतक की ईद के बाद शादी होनी थी। दोनों ही घरों में चीत्कार मचा हुआ है।
गांव धर्मपुर थाना सकरौली निवासी शिवकुमार ने बताया कि छोटा भाई शिवा (17) गांव के ही राहुल के साथ थाना व कस्बा रिजावली जिला फिरोजाबाद से रिश्तेदार को बुलाने गया था। शनिवार को बहन की शादी है, इसलिए सभी आसपास के लोगों और रिश्तेदारों को निमंत्रण दिया गया है। बृहस्पतिवार की देर रात राहुल के साथ शिवा गांव लौट रहा था। तभी बृजपुर गांव के पास जलेसर के उर्स से लौट रहे बुलेट बाइक सवार अरबाज और उसके चचेरे भाई फैजान निवासी नैनीगंज चौराहा मशरूलगंज थाना रसूलपुर जिला फिरोजाबाद की बाइक शिवा की बाइक से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों ही बाइक सवार उछलकर काफी दूर जा गिरे।
तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग व ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायलों को एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जलेसर पहुंचाया। यहां चिकित्सक ने शिवा और अरबाज को मृत घोषित कर दिया। वहीं, फैजान और राहुल को गंभीर हालत में प्राथमिक उपचार के बाद आगरा रेफर कर दिया गया। मृतक अरबाज के परिजन ने बताया कि वह दो माह पहले जिला मुख्यालय पर हुए एक कार्यक्रम में मिस्टर फिरोजाबाद चुना गया था। अगले माह ईद के बाद उसका निकाह होना था। चचेरे भाई फैजान के साथ वह जलेसर में चल रहे उर्स मेले को देखकर घर लौट रहा था। तभी रास्ते में यह दुखद हादसा हो गया।
आज होनी है शिवा की बहन की शादी
शिवकुमार ने बताया कि वह दोनों भाई नोएडा की एक निजी कंपनी में काम करते थे। 25 फरवरी को ही शिवा वहां से बहन की शादी के लिए छुट्टी लेकर आया था। शनिवार को बहन श्वेता की शादी है। घर पर वैवाहिक रस्में चल रहीं थीं और बरात की अगवानी की तैयारी के लिए मंगल गीत गाए जा रहे थे। किसको पता था कि एक हादसा घर की खुशियों को छीन लेगा और मंगल गीतों की जगह चीखें सुनाई देंगी। दो भाई और 1 बहन में सबसे छोटा शिवा ही था। जिसके चलते वह सबका लाडला भी था।