भाजपा की रणनीति पर प्रशासन की वीटो
योगी के साथ प्रदेश प्रभारी नड्डा और वित्त राज्यमंत्री शुक्ल भी होंगे
सुरक्षा को लेकर प्रशासन ने सीमित किए स्वागतकर्ता
अमर उजाला ब्यूरो
एटा। मेडिकल कालेज का शिलान्यास करने आ रहे प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ केंद्रीय चिकित्सा मंत्री जेपी नड्डा और वित्त राज्य मंत्री शिव प्रताप शुक्ल भी होंगे। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर भाजपा द्वारा तैयार रणनीति पर प्रशासन ने वीटो लगा दिया है।
जिला संगठन द्वारा मुख्यमंत्री के आगमन के चलते हैलीपैड और मंच पर स्वागत करने वालों की 55 लोगों से अधिक की फेहरिस्त प्रशासन को सौंपी थी। हालांकि मंडलायुक्त ने सुरक्षा का वास्ता देकर भाजपा की 55 से अधिक लोगों की सूची को डेढ़ दर्जन लोगों तक सीमित कर दिया है। ऐसे में जिला पदाधिकारी भी योगी-नड्डा को माला नहीं पहना सकेंगे। अधिकांश को एक फूल से स्वागत करने का मौका मिलेगा।
-----------
हिंदू नगर के नरेंद्र गिहार करेंगे मुख्यमंत्री का स्वागत
चारों विधानसभाओं का एक-एक बूथ अध्यक्ष मंच पर मुख्यमंत्री का स्वागत करेगा। संगठन एवं क्षेत्रीय विधायकों की सहमति के बाद नाम तय कर लिए गए हैं। सदर विधानसभा से हिंदू नगर निवासी बूथ अध्यक्ष नरेंद्र गिहार मुख्यमंत्री का स्वागत करेंगे।
----------
ये रहेंगे मौजूद
मुख्यमंत्री योगी के साथ आने वालों में केंद्रीय मंत्री एवं प्रदेश प्रभारी जेपी नड्डा, केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री शिव प्रताप शुक्ल, मंत्री प्रदेश सरकार अतुल गर्ग, गोविंद नारायन मिश्र बृज क्षेत्र प्रभारी, लोकसभा प्रभारी नागेंद्र दुबे गामा, जिला प्रभारी चौ. उदयभान सिंह, बृज प्रांत अध्यक्ष राजनीकांत माहेश्वरी, महामंत्री भवानी सिंह, सांसद राजवीर सिंह राजू, राज्यसभा सांसद हरनाथ सिंह यादव, प्रो. रामशंकर कठेरिया सांसद, मुकेश राजपूत के अलावा एटा-कासगंज के साथ निकटवर्ती जनपदों के विधायक व पदाधिकारी प्रमुख हैं।
----------
दानदाता समिति से मुलाकात कार्यक्रम नहीं
मेडिकल कालेज के लिए 16 एकड़ भूमि दान करने वाली संस्था प्रतिनिधियों से मुख्यमंत्री की मुलाकात का अभी तक कार्यक्रम तय नहीं है। हालांकि लोगों का मानना था कि शिलान्यास के दौरान मुख्यमंत्री योगी संस्था प्रतिनिधियों से मिलकर आभार जताएंगे। इसे लेकर समिति के लोग मायूस हैं। बताते चलें कि श्री गांधी स्मारक इंटर कालेज प्रबंध समिति ने मेडिकल कालेज के लिए 16 एकड़ से अधिक भूमि दान की है।
----------
कोर कमेटी की बैठक भी प्रस्तावित
मुख्यमंत्री के साथ कोर कमेटी की गोपनीय बैठक भी प्रस्तावित है। बैठक में जिले की स्थिति एवं परिस्थितियों से प्रदेश मुखिया को अवगत कराया जा सकेगा लेकिन सीमित समय के चलते बैठक होने पर भी संदेह है।