डीएम रोड पर बृहस्पतिवार दोपहर स्वीमिंग पूल के बाहर युवतियों से छेड़छाड़ कर रहे दिल्ली पुलिस और एयरफोर्स के जवानों ने शिकायत के बाद सादे कपड़ों में मौके पहुंचीं महिला एसओ और महिला सिपाहियों से भी अभद्रता की। विरोध करने पर उन्होंने महिला पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया।
फोटो खींचने पर इन जवानों ने प्रेस फोटोग्राफर को भी पीटा और भाग निकले। महिला पुलिस कर्मियों की सूचना पर पहुंची स्वाट टीम (एसओजी) ने जब मनचलों को हाईवे किनारे मनुवास के जंगल में घेरने की कोशिश की तो जवानों और ग्रामीणों ने हमला बोल दिया।
पहले से कर रहे थे सरेराह छेड़छाड़
हमले में स्वाट टीम के प्रभारी समेत तीन पुलिस वाले जख्मी हो गए है। पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपी दिल्ली पुलिस और एयरफोर्स के जवान हैं। महिला एसओ की तहरीर पर पुलिस ने चारों आरोपियों पर मामला दर्ज किया है।
बृहस्पतिवार दोपहर करीब दो बजे पुलिस को सूचना मिली की डीएम रोड पर एक स्वीमिंग पूल के बाहर नशे में कुछ युवक युवतियों से छेड़छाड़ कर रहे हैं। इस पर महिला थाना एसओ सीता सिंह दो महिला सिपाहियों के साथ सादे कपड़ों में वहां पहुंच गईं।
पुलिस टीम पर किया हमला
उन्होंने जब विरोध किया तो युवकों ने महिला पुलिस वालों से अभद्रता शुरू कर दी। बात बढ़ने पर युवकों ने महिला पुलिस कर्मियों पर हमला कर दिया। किसी तरह महिला पुलिस कर्मियों ने स्वीमिंग पूल के पास छिपकर जान बचाई।
इसी बीच सूचना मिलने पर एक समाचार पत्र का कैमरा मैन वहां पहुंचा और फोटो खींचने लगा। युवकों ने उसे भी पकड़कर पीटा और कार से भाग गए। महिला एसओ की सूचना पर एसओजी की टीम ने हमलावरों को हाईवे के पास मनुवास में घेर लिया।
चार आरोपी गिरफ्तार
इसी बीच ग्रामीणों ने युवकों को पक्ष में पुलिस पर पथराव कर दिया। हमले में स्वाट टीम प्रभारी समय सिंह, सिपाही सुशील समेत तीन पुलिस वाले घायल हो गए। घायल पुलिसकर्मियों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
एसएसपी के आदेश पर पुलिस ने दबिश देकर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मनचले बराल कांकर की मडैया के रहने वाले बताए गए हैं।