खुखुंदू थाना क्षेत्र के एक गांव का है युवक और गौरी बाजार थाना क्षेत्र की है युवती
संवाद न्यूज एजेंसी
खुखुंदू। थाना क्षेत्र के एक युवक काे अपने जीजा की बहन से प्यार हो गया। दोनों के परिवारों से जब बंदिशें लगने लगीं तो वे घर छोड़कर फरार हो गए। उधर, युवक के पिता ने थाने पहुंचकर घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने दूसरे थाना क्षेत्र का मामला बताकर अपना पल्ला झाड़ लिया।
खुखुंदू थाना क्षेत्र के एक गांव की युवती की शादी तकरीबन नौ माह पहले गौरी बाजार थाना क्षेत्र के एक गांव में हुई। दुल्हन की विदाई के दौरान उसके साथ उसका छोटा भाई भी ससुराल गया। इस दौरान युवक वहां एक सप्ताह रुक गया। बताया जा रहा है कि इसी बीच जीजा की बहन और युवक के बीच प्रेम-प्रसंग शुरू हो गया। धीरे-धीरे दोनों में नजदीकियां बढ़ गईं। युवक के गांव आने के बाद युवती लगातार फोन से बातचीत करने लगी। युवक के पिता ने कई बार दोनों को फोन पर बातचीत करते पकड़ लिए। फिर युवती को ऐसा करने से मना किया गया।
घरवालों ने जब प्यार पर पहरा लगाया तो प्रेमी-प्रेमिका घर छोड़कर फरार हो गए। इंस्पेक्टर दिलीप सिंह ने बताया कि युवक का पिता घटना की सूचना देने पहुंचा था। मामला गौरी बाजार थाना क्षेत्र का है। उसे वहीं जाने की सलाह दी गई। सीओ सलेमपुर दीपक शुक्ला ने बताया गौरीबाजार थाना क्षेत्र का मामला था। वहीं, कार्रवाई होगी।