संवाद न्यूज एजेंसी
पैकौली। सुरौली क्षेत्र के एक गांव में एक नाबालिग के साथ गांव का ही एक युवक द्वारा दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पीड़िता के परिजनों का आरोप है कि आरोपी को बचाने में गांव के कई संभ्रात लोग जुटे हुए हैं।
उनका आरोप है कि तहरीर बदलकर छेड़खानी का मुकदमा दर्ज कर दिया है। परिजन पीड़िता को लेकर मेडिकल कराने के लिए दर-दर भटक रहे हैं। मंगलवार को सुरौली पुलिस ने एक महिला होमगार्ड के साथ पीड़िता को मझगावां पीएचसी भेजा, जहां युवती की गंभीर हालत देख मेडिकल कालेज रेफर कर दिया। सुरौली थाना क्षेत्र के उसरा चौकी अंतर्गत एक गांव निवासी एक व्यक्ति ने सुरौली पुलिस को तहरीर देकर अपनी नाबालिग के साथ छेड़छानी का आरोप लगाया है। जिसके आधार पर पुलिस ने आरोपी युवक, उसके भाई व मां खिलाफ छेड़खानी व मारपीट का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
परिजनों का आरोप है की गांव के ही कुछ प्रभावी लोगों ने पुलिस से मिलकर तहरीर बदल दिया और बलात्कार की जगह जल्दबाजी दिखाते हुए छेड़खानी मुकदमा दर्ज करवा दिया। बहुत सिफारिश करने पर मंगलवार को सुरौली पुलिस ने एक महिला होमगार्ड के साथ पीड़िता और उसके परिजनों को पीएचसी मझगावां मेडिकल कराने के लिए भेजा जहां उसकी हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने देवरहवा बाबा मेडिकल कॉलेज देवरिया रेफर कर दिया।
पुलिस ने मदन राजभर, उपेन्द्र राजभर पुत्र राम अशोक व सुकलावी पत्नी राम अशोक के खिलाफ छेड़खानी व मारपीट का मुकदमा दर्ज किया है।