गोरखपुर और देवरिया की टीम ने छापा मारा, रामलक्षन में घर से 30 बोटा साखू बरामद
रुद्रपुर। रामलक्षन स्थित एक मकान से वन विभाग की टीम ने 30 बोटा साखू की लकड़ी बरामद की। गोरखपुर और देवरिया के वन विभाग की टीम ने संयुक्त रूप से उसके घर छापा मारा। इस दौरान लकड़ी तस्कर नहीं मिला। पुलिस ने उसके खिलाफ मुकदमा पंजीकृत किया। उसके खिलाफ गोरखपुर जिले में भी लकड़ी तस्करी के कई मुकदमे दर्ज हैं। लकड़ी की कीमत करीब पांच लाख रुपये बताई जा रही है।
वन विभाग के प्रभागीय निदेशक विकास यादव, वन अधिकारी अनुज कुमार, संजय कुमार, वन दारोगा अभिषेक राय, कमलेश्वर राय और शैलेंद्र सिंह के साथ रामलक्षन चौकी की पुलिस ने रामलक्षन चौराहे के बगल में एक मकान में शनिवार की शाम छापा मारा। यहां मकान के भीतर एक गोदाम में साखू के 30 बोटे बरामद हुए। घर वाले लकड़ियों के बारे में कुछ स्पष्ट नहीं बता पाए। वन विभाग के अनुसार, गोरखपुर जिले के जंगलों से दो माह पहले साखू के कई पेड़ काटे गए थे। उसकी तलाश में टीम लगी है। आरोपी पहले भी लकड़ी की तस्करी में जेल जा चुका है। प्रभागीय निदेशक विकास यादव ने बताया कि रामलक्षन निवासी वीरेंद्र यादव के घर से साखू की लकड़ी बरामद हुई है। उसके ऊपर भारतीय वन अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी पर गोरखपुर जिले के कई थानों में लकड़ी चोरी के केस दर्ज है। लकड़ी चोरी में लिप्त गिरोह के बारे में छानबीन चल रही है।