भुजौली रोड पर पाइप लाइन ठीक करने के बाद मिट्टी की भराई करता कारीगर, फोटो संवाद
देवरिया। भुजौली कॉलोनी में गैस पाइपलाइन बिछाने के दौरान टूटी पानी की पाइपलाइन 8 दिन के बाद मंगलवार को ठीक हो गई। इससे पानी का संकट दूर हुआ। इससे लोगों ने राहत की सांस ली।
शहर में गैस कंपनी द्वारा पाइपलाइन बिछाने के दौरान 8 दिन पहले भुजौली रोड पर कई जगह पानी की पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई थी। इसके चलते इंदिरा नगर, मुंशी गोरखनाथ वार्ड, उमानगर, देवरिया खास में पानी की सप्लाई बाधित हो गई थी।
इससे लोग पानी के लिए तरस गए। काफी मशक्कत के बाद पाइप बिछाने वाले ठेकेदार ने रविवार को पाइपलाइन की मरम्मत का काम शुरू किया, लेकिन जगह-जगह पाइप टूटने से इसको ठीक करने में दिक्कत होने लगी। कंपनी ने करीब 45 फीट नई पाइप लाइन डाल दी। इसको जोड़ने में दो दिन लग गए।
सोमवार को शुरू हुआ पाइप जोड़ने का काम मंगलवार की दोपहर में जाकर पूरा हुआ।
मुंशी गोरखनाथ टोला वार्ड निवासी स्थानीय निकाय सेवानिवृत्त कर्मचारी संघ के संरक्षक कमलेश्वर सिंह ने बताया कि गैस कंपनी को सेवानिवृत्त नगरपालिका के प्लंबर मिले, तब जाकर पाइप जोड़ी जा सकी।
बीते आठ दिन हमें शुद्ध पानी नहीं मिल सका। आरओ प्लांट से पानी लेकर काम चलाना पड़ा।