बरहज/भलुअनी। तहसील क्षेत्र में तैनात एक लेखपाल का सोशल मीडिया पर घूस लेते हुए वीडियो वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो डेढ़-दो माह पुराना बताया जा रहा है। पहले भी भलुअनी ब्लॉक के एक अन्य लेखपाल का घूस लेते हुए का वीडियो वायरल हुआ था। हालांकि, संवाद न्यूज़ एजेंसी वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करती है।
जानकारी के अनुसार, भलुअनी के एक समाजसेवी ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट किया गया है। इसमें लेखपाल की एक शख्स से कुछ देर की वार्ता रिकाॅर्ड है। लेखपाल बार-बार शख्स से नीचे से लेकर देवरिया तक की बात करते हुए व्यवस्था समझने की बात कह रहा है। शख्स जेब से रुपये निकाल कर चश्मा लगाए हुए कथित लेखपाल को दे देता है। वायरल वीडियो में रुपये पाने के बाद लेखपाल उत्साहित दिख रहा है। एसडीएम विपिन कुमार द्विवेदी ने बताया कि मामला संज्ञान में नहीं है। वायरल वीडियो में यदि लेखपाल के रुपये लेने की बात सामने आ रही है तो जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी। संवाद