रुद्रपुर। दुग्धेश्वरनाथ इंटर कॉलेज के मैदान पर चल रहे ऑल इंडिया फुटबॉल प्रतियोगिता में शुक्रवार को हुए सेमीफाइनल मुकाबले में उत्तराखंड ने नेपाल और रुद्रपुर ने मुबारकपुर मऊ को हरा दिया। दोनों विजयी टीमें शनिवार को फाइनल मुकाबले के लिए भिड़ेगी। सेमीफाइनल मुकाबले की शुरुआत मुख्य अतिथि करुणेश त्रिपाठी ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया।
पहले सेमीफाइनल मुकाबले में उत्तराखंड और नेपाल की टीमें दोनों राउंड के मैच में 1-1 से बराबर पर रही। मध्यान्तर के पहले उत्तराखंड के अर्जुन के एक गोल के मुकाबले नेपाल के सत्यम ने अपनी टीम से गोल करके मुकाबला बराबरी पर कर दिया। निर्धारित समय के बाद फैसला पेनाल्टी शूट से हुआ। जिसमे उत्तराखंड ने टीम 5-3 के अंतर से जीत दर्ज की। दूसरे सेमीफाइनल मैच के पहले हॉफ में रुद्रपुर के सेंटर फारवर्ड सागर ने गोल मार टीम को बढ़त दिला दी। जिसकी बराबरी के लिए मुबारकपुर ने कई प्रयास किए, लेकिन सफलता नहीं मिली। दूसरे राउंड के रुद्रपुर के खिलाड़ी सागर ही दूसरा गोल कर टीम को निर्णायक बढ़त दिलाने में कामयाब रहे। इस अवसर पर हीरा निषाद, सज्जाद अली, ओमप्रकाश जायसवाल, राणा प्रताप सिंह, संजय यादव, तारकेश्वर विश्वकर्मा, मकसूद आलम, नित्यानंद, वीरेंद्र शर्मा, शिव जायसवाल, विकास कुमार आदि मौजूद रहे।