बारिश से दूसरे दिन भी दो सौ गांवों की बिजली गुल
देवरिया। आंधी-पानी की वजह से जिले के तकरीबन दो सौ गांवों में बिजली की आपूर्ति, शनिवार को दूसरे दिन भी बहाल नहीं हो सकी। शुक्रवार की रात में बारिश होने से ही बिजली गुल रही। बेपटरी हुई बिजली व्यवस्था को सुधारने में अभी कई दिन लग सकते हैं। कर्मचारी फाल्ट को ठीक करने में जुटे हुए हैं।
भटवलिया स्थित उपकेंद्र का 10 एमबीए का ट्रांसफार्मर का स्थानीय स्तर पर मरम्मत न होने के कारण अगले सप्ताह तक निगम को इंतजार करना पड़ेगा। इसके चलते, दो से तीन दिन तक बिजली आपूर्ति प्रभावित हो सकती है। इससे तकरीबन 100 गांव और शहर के कई मोहल्लों के लोग प्रभावित हैं। निगम के कर्मचारियों ने बताया कि ट्रांसफार्मर को मरम्मत के लिए गोरखपुर भेजा जा रहा है। इसकी जगह पर मोबाइल ट्रांसफार्मर से कुछ इलाकों में बिजली की आपूर्ति बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है।
इसके ठीक होने में एक-दो दिन का समय लग सकगा है। उधर रामलीला मैदान और पुरवा उपकेंद्र से कई मोहल्लों में लो वोल्टेज की समस्या से उपभोक्ता परेशान हैं। कसया उपकेंद्र की मेन लाइन में खराबी ठीक न होने के कारण दूसरे दिन भी तरकुलवा, गौरी बाजार, बघौचघाट के करीब पचास गांवों की बिजली आपूर्ति बाधित रही। भाटपाररानी, रुद्रपुर, उसरा बाजार आदि उपकेंद्रों से जुड़े 30 से अधिक गांवों की बिजली रात नौ बजे से दोपहर तक गुल रही।
बारिश के कारण निगम को लाखों की चपत
देवरिया। बारिश के कारण बिजली निगम को करीब बीस लाख रुपये का नुकसान हुआ है। बृहस्पतिवार और शुक्रवार की रात में आंधी-बारिश से कई जगहों पर पोल और तार टूट कर गिर गए। इससे आपूर्ति ठप हो गई। बिजली गिरने के कारण उपकेंद्र के ट्रांसफार्मर भी जल गए हैं।