खुखुंदू। क्षेत्र के सुकरौली गांव में लगा 63 केवीए का विद्युत ट्रांसफाॅर्मर एक माह के अंदर तीसरी बार जला है। नतीजा बीते पांच दिनों से गांव के 135 घरों में अंधेरा छाया हुआ है।
ग्रामीणों का कहना है कि जब से ट्रांसफार्मर जला है तबसे निगम के जिम्मेदार रोजाना आज कल में ट्रांसफार्मर बदलने की बात कहकर पल्ला झाड़ रहे है। उधर, परेशान ग्रामीण सोमवार को उपकेंद्र पर पहुंचे और क्षमता वृद्धि कर ट्रांसफार्मर लगाने की मांग उठाई है।
साथ ही चेताया है कि अगर ऐसा नहीं हुआ तो फिर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।उपकेंद्र खुखुंदू से सुकरौली गांव की विद्युत आपूर्ति संचालित होती है। गांव में 63 केवीए के विद्युत ट्रांसफार्मर से 135 घरों की करीब-करीब 1200 आबादी की आपूर्ति की जाती है।
बताया जा रहा है कि इस गांव में ओवरलोड और लो-वोल्टेज की समस्या हमेशा बनी रहती है। जिसके चलते एक माह के अंदर तीसरी बार ट्रांसफार्मर जला है। जब पहली बार ट्रांसफार्मर जला तभी ग्रामीणों ने क्षमता वृद्धि कर 100 केवीए का ट्रांसफार्मर लगाने की निगम के जिम्मेदारों से मांग की थी। लेकिन निगम के जिम्मेदारों ने ग्रामीणों की नही सुनी। नतीजा फिर से ट्रांसफार्मर जल गया। ग्रामीणों का कहना है कि जिस दिन से ट्रांसफार्मर जला है उसी दिन से जेई और अन्य कर्मियों से ट्रांसफार्मर बदलकर लगाने की गुहार लगाई जा रही है। लेकिन कोई ध्यान नहीं दे रहा है।
उधर, सोमवार को उपकेंद्र पहुंचे सुकरौली गांव के हीरा लाल, माजिद, सूरज, अभय कुमार, अनिरुद्ध, आरिफ, रंजीत, कन्हैया प्रेमप्रकाश, दुर्गेश गुप्ता, शब्बीर खान, बबलू, और परमहंस ने क्षमता वृद्धि कर अविलंब ट्रांसफार्मर लगाने की मांग करते हुए चेतावनी दी है कि जल्द से जल्द आपूर्ति बहाल नहीं कराई गई तो फिर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।