सलेमपुर। नगर की प्रमुख जनसमस्याओं और व्यापारिक गतिविधियों से जुड़े मुद्दों के समाधान को लेकर सोमवार को एसडीएम दिशा श्रीवास्तव ने नगर पंचायत और व्यापारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में शहर में लगने वाले जाम, सब्जी मंडी, पार्किंग, स्वच्छता, सुरक्षा और बुनियादी सुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा किया गया। व्यापारियों ने नगर क्षेत्र में बढ़ती यातायात समस्या को प्रमुख मुद्दा बताते हुए इसके स्थायी समाधान की मांग की।
व्यापारी विनोद ठठेरा ने नगर के बीचों-बीच संचालित सब्जी मंडी को किसी उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित करने की मांग उठाई। उनका कहना था कि मंडी के कारण प्रतिदिन भारी भीड़ जुटती है, जिससे बाजार क्षेत्र में जाम की स्थिति बनी रहती है और आम लोगों को परेशानी होती है।
व्यापारी शंभू दयाल गुप्ता ने क्षेत्र में कृषि उपज मंडी समिति की स्थापना के लिए भूमि चिह्नित किए जाने की मांग की। उन्होंने कहा कि मंडी समिति बनने से किसानों और व्यापारियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी तथा नगर में लगने वाले जाम की समस्या में भी काफी हद तक कमी आएगी। व्यापारी विजय कुशवाहा ने राष्ट्रीय राजमार्ग और प्रमुख सड़कों पर अवैध पार्किंग रोकने के लिए सड़क किनारे पीली पट्टी अंकित कराने की मांग की।
उन्होंने सुझाव दिया कि इस संबंध में राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण और लोक निर्माण विभाग को पत्र भेजकर आवश्यक कार्रवाई कराई जाए, जिससे यातायात व्यवस्था बेहतर हो सके। व्यापारी शिव जी जायसवाल ने सोहनाग मोड़ स्थित एसएस मॉल के सामने संचालित पार्किंग व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि सड़क किनारे वाहनों के खड़े होने से अक्सर जाम की स्थिति पैदा होती है।
इस पर ईओ महेंद्र पांडेय ने मामले की जांच कराकर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
व्यापारी विजय गुप्ता ने नगर की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए बाजारों और प्रमुख मार्गों पर रात्रि पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की। उनका कहना था कि नियमित गश्त से चोरी और अन्य आपराधिक घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण लगाया जा सकेगा।
एसडीएम दिशा श्रीवास्तव ने कहा कि नगर के विकास के लिए प्रशासन प्रतिबद्ध है।