लार। लार सामुदायिक केंद्र की व्यवस्था बिगड़ गई है। महज तीन डॉक्टराें के भरोसे अस्पताल चल रहा है। स्थानीय सीएचसी परिसर में 30 बेड वाले मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य (एमसीएच) भवन में तैनात महिला चिकित्सक डॉ. प्रियंका बिना सूचना के चार दिनों से नदारद हैं।
इलाज के लिए अस्पताल आ रही महिला मरीजों व गर्भवतियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अधीक्षक ने बिना सूचना के गैरहाजिर होने पर नोटिस भेजकर स्पष्टीकरण मांगा है। इसके अलावा, हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रदीप कुमार भी बिना सूचना के दो माह से अनुपस्थित चल रहे हैं। जनरल फिजिशियन हड्डी रोग से जुड़ी समस्याओं की जांच कर रहे हैं। अधीक्षक ने डॉक्टर का वेतन भी बाधित कर दिया है। एमसीएचस विंग में तैनात रहीं डॉ. बीनू गुप्ता का स्थानांतरण कुछ माह पहले हो गया था। उसके बाद से संजाव प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में तैनात डॉ. प्रियंका को यहां संबद्ध किया गया है। वे चार दिन से बिना बताएं अनुपस्थित हैं। डाॅक्टर के नहीं रहने से इलाज के लिए आ रही महिला मरीजों को लौटना पड़ रहा है। वहीं, प्रसव के लिए आ रही गर्भवती महिलाओं को रेफर कर दिया जा रहा है। महिला डाॅक्टर के अभाव में पुरुष चिकित्सक से जांच कराना पड़ रहा है।