कर्ज चुकता नहीं कर पाने से क्षुब्ध व्यवसायी ने फंदा लगा कर दी जान
देवरिया। कर्ज तले दबे शहर के युवा व्यवसायी ने शनिवार की रात में दुकान में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। दुकान में शव लटका देख परिजनों और आसपास के लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटनास्थल से पुलिस ने सुसाइड नोट बरामद किया है।
शहर के जलकल रोड परमार्थी पोखरा गली निवासी धनेश जायसवाल उर्फ मिंटू (36) ने गल्ला मंडी में किराने की दुकान खोल रखी है। शनिवार की रात करीब 11:30 बजे जब वह दुकान बंद कर घर नहीं पहुंचे तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। उनका मोबाइल फोन लगाया तो फोन नहीं उठा। परिजनों ने धनेश के परिचितों से संपर्क किया, लेकिन पता नहीं चला। कुछ देर बाद घर के लोग दुकान पर पहुंचे तो देखा कि फंदे के सहारे शव लटक रहा था। परिजन शोर मचाने लगे। मौके पर अन्य दुकानदार भी पहुंच गए और पुलिस को सूचना दी। घटनास्थल पर सीओ सदर श्रीयश त्रिपाठी और कोतवाल अनुज कुमार सिंह पहुंचे और जांच पड़ताल शुरू कर दी। पुलिस को शव के पास एक सुसाइड नोट मिला, जिसमें आत्महत्या का कारण कर्ज चुकता न होना लिखा है। कोतवाल ने बताया कि व्यवसायी ने आत्महत्या कर ली है। सुसाइड नोट को देखने से ऐसा लगता है कि काफी कर्ज हो जाने के कारण उसने यह कदम उठाया है। मामले की जांच की जा रही है।