वाणिज्य कर सचल दस्ता ने 33 लाख रुपये का सामान किया सीज
लार। बुधवार को देवरिया की वाणिज्य कर सचल दस्ता ने मेहरौना बार्डर पर मालवाहक वाहनों की सघन तलाशी ली। तलाशी के दौरान 33 लाख रुपये का सामान सीज कर लिया। साथ ही एक लाख रूपये से अधिक का जुर्माना भी वसूला।
बुधवार को एडिशनल कमिश्नर वाणिज्यकर गोरखपुर जोन के निर्देश में मेहरौना में वाणिज्यकर प्रवर्तन देवरिया के प्रभारी असिस्टेंट कमिश्नर संदीप कुमार श्रीवास्तव एवं वाणिज्य कर अधिकारी मयंक कुमार ने छह मालवाहक दोषी वाहनों को माल सहित पकड़ा। मेहरौना बार्डर पर जांच के दौरान गलत प्रपत्रों के जरिए ले जाए जा रहे दो वाहनों पर कुल 24 लाख रुपये की चीनी को अभिग्रहीत किया। इसी दौरान बिना प्रपत्रों के एक डीसीएम को भी अभिग्रहीत किया गया। जो बिहार के झांझा से आजमगढ़ जा रही थी। वहीं तीन लाख रुपये का पान मसाला अभिग्रहीत किया गया। जिस पर टीम ने अर्थ दंड की कार्यवाही की। साथ ही गौरी बाजार में जांच के दौरान टीम ने छह लाख रुपये की सरिया एवं बगास बोर्ड के वाहनों को माल सहित अभिग्रहीत करते हुए कर व अर्थदंड के रूप में एक लाख 68 हजार रुपये जमा कराया। इस दौरान गलत कागजों के सहारे माल ढुलाई कर रहे वाहन चालकों में हड़कंप मच गया। इस बाबत सचल दल वाणिज्य कर देवरिया के प्रभारी असिस्टेंट कमिश्नर संदीप कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि तैंतीस लाख रुपये का माल सीज किया गया है। आगे भी वाहनों की सघन चेकिंग चलती रहेगी।