फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

आभूषण की दुकान से 32 लाख की लूट के मामले में नकाबपोश बदमाशों की तलाश में जुटीं पुलिस की तीन टीमें

विज्ञापन
विज्ञापन
आभूषण की दुकान से 32 लाख की लूट के मामले में नकाबपोश बदमाशों की तलाश में जुटीं पुलिस की तीन टीमें
विज्ञापन

देवरिया। आभूषण की दुकान से बुधवार की शाम को 32 लाख रुपये मूल्य के सोना-चांदी की लूट के पर्दाफाश के लिए एसपी डॉ. श्रीपति मिश्र ने पुलिस की तीन टीमों का गठन किया है। बृहस्पतिवार को एएसपी राजेश कुमार सोनकर, सीओ श्रीयश त्रिपाठी, एसओजी ने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज को खंगाला। दो नकाबपोश बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया है। एक बदमाश दुकान के अंदर घुसकर पिस्टल दिखाकर प्लास्टिक के बोरे में जेवर व चांदी के बर्तन लेकर जाता दिख रहा है।
सदर कोतवाली थाना क्षेत्र के मलकौली गांव निवासी सूरज वर्मा की रुद्रपुर मार्ग पर लक्ष्मी नारायण मंदिर के पास आभूषण की दुकान है। बुधवार की शाम को करीब साढ़े छह बजे सफेद रंग की बाइक से आए दो बदमाशों ने दुकान से 32 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर लूट लिए। दुकानदार की तहरीर पर बृहस्पतिवार को कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। जबकि घटनास्थल पर एएसपी की अगुवाई में पुलिस की टीम ने करीब पांच घंटे तक दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की गहनता से जांच की। बदमाशों का चेहरा पहचान में नहीं आ सका है।
विज्ञापन

घटना के पहले की गई रेकी
वारदात के समय सूरज वर्मा और उनके ही गांव का शमशेर दुकान पर थे। दोनों बदमाश दुकान पर पहुंचे और एक दुकान के बाहर बाइक पर तो दूसरा अंदर जाकर सोने की चेन दिखाने को कहा। दुकानदार ने चेन न होने का हवाला देते हुए सुबह आने की बात कही लेकिन बदमाश ने चांदी की अंगुठी दिखाने को कहा। दुकानदार ने अंगूठी दिखानी शुरू की तो बदमाश ने पिस्टल दिखा कर लूट लिया। पुलिस को दुकानदार ने बताया कि करीब चार बजे भी एक युवक आया था। पुलिस को आशंका है कि घटना के पहले बदमाशों ने रेकी की है।
पहले भी शहर में आभूषण की दुकान पर हो चुकी है लूट
देवरिया। बाइक सवार बदमाश इससे पहले भी शहर की कई दुकानों पर लूट की घटना को अंजाम दे चुके हैं। जनवरी 2019 में मालवीय रोड पर स्थित सराफा गली में रोशन उर्फ बन्नू वर्मा को गोली मारकर लूट का प्रयास किया था। स्थानीय लोगों की दिलेरी से बदमाश कामयाब नहीं हो सके थे। नवंबर 2015 में शहर की बरहज गली में सर्राफ दीपक वर्मा की हत्या कर बदमाशों ने सोना-चांदी व नकदी लूट ली थी। वर्ष 2013 में भुजौली रोड पर लक्ष्मी नरायण वर्मा की दुकान में घुसकर बदमाश लाखों रुपये के जेवर लेकर फरार हो गए थे। बरहज के दो दुकानदारों के साथ भी लूट की वारदात हो चुकी है।
बाहरी बदमाशों का हाथ, लोकल का साथ, नए गिरोह पर पुलिस को शक
देवरिया। इन दिनों बदमाशों के निशाने पर जनपद और बिहार के सिवान, गोपालगंज की आभूषण दुकानें हैं। हाल के दिन में कई दुकानों में चोरी और लूट की वारदात हो चुकी है। पुलिस को शक है कि बाहरी पेशेवर बदमाशों को स्थानीय बदमाश शरण दे रहे हैं, जिससे घटनाएं बढ़ी हैं।
इसी माह में सिवान में चार दुकानों से चोरी और एक जगह लूट की घटना हुई है। वहीं शहर की दो दुकानों में चोरी की वारदात हो चुकी है। भटनी में कुछ दिन पहले घटना हुई थी। इससे पुलिस का शक गहराता जा रहा है कि कोई ऐसा गिरोह है, जो आभूषण की दुकानों को निशाना बना रहा है। बुधवार की शाम सूरज वर्मा कीर दुकान में हुई लूट के बाद पुलिस पुराने और कुछ नए बदमाशों की कुंडली खंगालने में जुट गई है।
विज्ञापन

मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। वारदात के पर्दाफाश के लिए पुलिस टीम का गठन किया गया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान में पुलिस जुटी हुई है। प्रयास है कि शीघ्र घटना का पर्दाफाश हो जाए। -राजेश कुमार सोनकर, एएसपी
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें