संवाद न्यूज एजेंसी
सलेमपुर। डाक बंगले में बुधवार को ग्रामीण विकास राज्यमंत्री विजय लक्ष्मी गौतम जनसुनवाई कर रही थीं। इसी बीच सैकड़ों की संख्या में चालक ई-रिक्शा लेकर पहुंच गए।
उन्होंने नगर पंचायत और वाहन स्टैंड के ठेकेदार पर अवैध वसूली का आरोप लगाते हुए तत्काल बंद कराने की मांग की। मंत्री ने अफसरों से पूरे मामले की जानकारी ली और तत्काल अवैध वसूली रोकने के निर्देश दिए।
नगर पंचायत की तरफ से ई-रिक्शा चालकों से स्टैंड टैक्स लिया जाता है। ई-रिक्शा चालक इसे अवैध बताते हुए बंद करने की मांग कर रहे हैं। बुधवार को डाक बंगले में राज्यमंत्री विजय लक्ष्मी गौतम के आने की खबर पर सैकड़ों ई-रिक्शा चालक पहुंच गए।
राज्यमंत्री के सामने मामला उठा तो वे अवाक रह गईं। उन्होंने मांगों को संज्ञान लेते हुए नगर पंचायत के ईओ महेंद्र पांडेय, नायब तहसीलदार गोपालजी और कोतवाल संतोष कुमार पटेल से इसकी जानकारी ली।
मंत्री ने ई-रिक्शा चालकों से वसूली को गलत बताते हुए ईओ को इस पर तत्काल रोक लगाने के निर्देश दिए। राज्यमंत्री ने हिदायत दी कि जब तक शासन की तरफ से कोई लिखित निर्देश नहीं आ जाता तब तक ई-रिक्शा चालकों से किसी भी प्रकार की वसूली नहीं होनी चाहिए। यह खबर सुनते ही ई-रिक्शा चालकों में खुशी की लहर दौड़ गई।
ई-रिक्शा यूनियन के नगर अध्यक्ष दिलीप गुप्ता ने कहा कि पूरे दिन रिक्शा चलाने पर कभी 200 से तो कभी 300 की कमाई होती है। कभी-कभी पूरे दिन बोहनी नहीं हो पाती है। अवैध वसूली से कमाई का बड़ा हिस्सा निकल जाता था।
इस दौरान ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि अमरेश सिंह बबलू, मंडल अध्यक्ष पुनीत यादव, अवनीश मिश्र चंचल, अशोक पांडेय, जटाशंकर दुबे, कन्हैया जायसवाल, इंद्रजीत मौर्या, धनंजय चतुर्वेदी, राजीव मिश्रा, वाचस्पति त्रिपाठी, शिवाकांत तिवारी, अभय तिवारी आदि सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।