विद्यालय से गैस सिलिंडर, चूल्हा व बर्तन चोरी
खुखुंदू। थाना क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय गांगी में कार्यालय और रसोई घर का ताला तोड़कर चोर गैस सिलिंडर, चूल्हा सहित अन्य समान चुरा ले गए। घटना की जानकारी मंगलवार को स्टाफ और मजदूरों के स्कूल पहुंचने पर हुई। इसके पूर्व भी दो बार विद्यालय में चोरी हो चुकी है। हालांकि कोई कार्रवाई नहीं हुई। प्रधान और प्रधानाध्यापक ने पुलिस को तहरीर दी है।
प्राथमिक विद्यालय गांगी में इन दिनों निर्माण कार्य चल रहा है। सोमवार शाम पांच बजे तक विद्यालय में मिस्त्री और मजदूर काम करके आफिस और किचन में सामान सुरक्षित रखकर ताला लगाकर चले गए। मंगलवार की सुबह जब स्टाफ और प्रधान सत्यपाल यादव विद्यालय पहुंचे तो देखा कि किचन और कार्यालय का ताला टूटा हुआ है। चोर किचन में रखा रसोई गैस सिलिंडर, चूल्हा, टाइल्स कटिंग मशीन, बर्तन सहित अन्य सामान चुरा ले गए हैं। इसके बाद प्रधान ने घटना की सूचना प्रधानाध्यापक सत्येन्द्र कुमार यादव को दिया। दोनों लोगों ने थाने पहुंचकर तहरीर दी है। प्रधानाध्यापक ने बताया कि इसके पूर्व भी दो बार विद्यालय में चोरी हो चुकी है। लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई है। आरोप है कि तहरीर देने पर केवल मोहर लगाकर दे दिया जाता है। एसओ अनिल कुमार यादव ने कहा कि जांच कर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।