सीढ़ी के रास्ते घुसे चोरों ने उड़ाए पांच लाख का सामान
देवरिया। बरियारपुर थाना क्षेत्र के खजुरिया गांव में सोमवार की रात चोरों ने मकान से जेवर, नगदी समेत पांच लाख रुपये का सामान उड़ा लिया। गृह स्वामी ने घटना की सूचना पुलिस को दी है। मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि चोर लोहे की सीढ़ी लगाकर अंदर घुस कर घटना की है।
बरियारपुर थाना क्षेत्र के खजुरिया गांव निवासी नीरज विश्वकर्मा विदेश में नौकरी करते हैं। गांव पर उनकी पत्नी रेनू विश्वकर्मा अपने सात साल के बच्चे के साथ रहती हैं। सोमवार की रात में करीब 10 बजे वह कमरे में सोने चली गई। मंगलवार की सुबह सोकर उठी तो देखी कि बॉक्स, अलमारी टूटा हुआ है और इसमें रखे सामान जेवर, नगदी गायब है। यह देख उनके होश उड़ गए। उन्होंने कमरे में रखे जेवर की तलाश शुरू की तो पता चला कि पायल, मंगलसूत्र, सोने की चेन, अंगूठी नकदी, कपड़े समेत करीब पांच लाख रुपये का सामान गायब है। घटना की जानकारी होने पर ग्रामीण मौके पर जुट गए। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। चोरों ने घर के बगल से लोहे की सीढ़ी लगाकर अंदर प्रवेश कर घटना को अंजाम दिया था। एसओ विजय कुमार ने बताया कि मौके पर पुलिस गई थी। घटना की जांच पड़ताल की गई है। पर्दाफाश का प्रयास किया जा रहा है।