देवरिया। जनपद में पिछले दो दिनों से मौसम में आए अचानक बदलाव ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। सुबह कोहरा एवं पूरे दिन आसमान में बादलों की आवाजाही के साथ मौसम का मिजाज बदलने से खेतों में खड़ी फसलों के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। किसानों का कहना है कि इस समय गेहूं और सरसों जैसी रबी की फसलें पकने की अवस्था में हैं। ऐसे में यदि बारिश या तेज हवा चलती है तो फसल गिरने और उत्पादन प्रभावित होने का खतरा बढ़ सकता है। किसान अपनी फसल को लेकर चिंतित नजर आ रहे हैं।
किसानों का कहना है कि मौसम की अनिश्चितता के कारण उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पिछले दो दिनों से बादल छाए रहने और हल्की ठंडक बढ़ने से खेतों में नमी भी बढ़ गई है, जिससे फसल पर प्रतिकूल असर पड़ने की आशंका है। तरकुलवा विकास खंड के किसान राजबल्लभ कुशवाहा का कहना है कि यह मौसम गन्ना को छोड़कर सभी फसलों के लिए नुकसानदायक है। यदि बारिश हुई और ओले गिरे तो गेहूं और सरसों की फसल पूरी तरह से चौपट हो जाएगी। आंधी आने पर आम की फसल भी बर्बाद हो जाएगी। किसानों का कहना है कि अगर मौसम इसी तरह बना रहा और बारिश होती है तो गेहूं की फसल को नुकसान हो सकता है।