ससुराल पहुंचे व्यक्ति ने खाया जहर, गई जान
भटनी। नाराज पत्नी को मनाने ससुराल आए एक व्यक्ति ने मंगलवार की रात जहर खा लिया। लोग उसे जिला अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पति की मौत की सूचना मिलते ही पत्नी और बच्चों का रो रोकर बुरा हाल है। वहीं, पोस्टमार्टम हाउस पर पहुंचे पिता और परिवारीजन बेसुध दिखे।
भटनी थाना क्षेत्र के जिगनी गांव निवासी रीमा देवी की शादी सिवान के सतीश कुमार (45) से हुई थी। शनिवार को रीमा और सतीश में किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इससे नाराज होकर रीमा अपने बच्चों के साथ मायके जिगनी चली आई। रविवार को सतीश भी ससुराल चला आया और पत्नी से घर चलने की बात कहने लगा। पत्नी ससुराल जाने के लिए तैयार नहीं हुई। सोमवार को दोबारा पत्नी को ससुराल ले जाने के लिए दवाब बनाने पर पत्नी ने इसकी शिकायत पुलिस से कर दी।
मौके पर पहुंची पुलिस दोनों को समझाकर थाने लौट आईं। काफी प्रयास के बाद भी पत्नी के नहीं मानने पर सतीश ने मंगलवार की रात जहर खा लिया। ससुराल पक्ष के लोग उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस बाबत प्रभारी एसओ महेंद्र मोहन मिश्र ने बताया कि पति-पत्नी के विवाद में शख्स के जहर खाने की सूचना मिली थी। परिवारीजनों के सहयोग से उसे अस्पताल भेजा गया था। शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।