बदमाशों ने महिला से छीने पचास हजार रुपये
घांटी बाजार/भटनी। थाना क्षेत्र के बनकटा तिवारी स्थित पीएनबी की शाखा के समीप महिला से बदमाशों ने पचास हजार रुपये छीन लिए। महिला ने शोर मचाया तो बदमाश मौके से भाग निकले। जानकारी पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच की। पुलिस बदमाशों की पहचान करने की कोशिश में जुटी है।
भटनी थाना क्षेत्र के बनकटा तिवारी (एकला आम) में पीएनबी की शाखा है। बुधवार को बनकटिया गांव निवासी हरेंद्र कुशवाहा की पत्नी शकुंतला देवी रकम निकालने पहुंचीं। उन्होंने बैंक से पचास हजार रुपये निकाले। उन्होंने रकम को एक थैले में रखा और घर की तरफ चल दीं। बैंक और गांव के बीच एक सुनसान रास्ते पर महिला अभी पहुंची थी कि अचानक पीछे से आए बाइक सवार बदमाशों ने झपट्टा मारकर थैले को छीन लिया। महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोग जब तक जुटते, बदमाश गोपालपुर गांव के रास्ते भाग गए।
पीड़ित महिला की शिकायत पर पहुंचे सीओ भाटपाररानी पंचमलाल व एसओ ने मामले की छानबीन की। शकुंतला देवी ने बताया कि होली व अन्य कार्यों की वजह से उन्होंने रकम निकाली थी। इस बाबत एसओ गोपाल पांडेय ने बताया कि केस दर्ज कर बैंक के सीसीटीवी फुटेज के सहायता से बदमाशों को पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है।