संवाद न्यूज एजेंसी
खुखुंदू। क्षेत्र के एक गांव में बृहस्पतिवार की रात प्रेमी से मिलने जा रही किशोरी को उसके घरवालों ने रास्ते में पकड़ लिया। आरोप है कि प्रेमी मोबाइल फोन से बात कर उसे गांव के बाहर मिलने के लिए बुलाया था।
किशोरी से पूछने पर वह परिवार वालों को कुछ भी बताने को तैयार नहीं है। परिजनों का कहना है कि प्रेमी किशोरी को बहला-फुसलाकर मुंबई ले जाने की फिराक में था। इंस्पेक्टर कल्याण सिंह सागर ने बताया कि तहरीर मिली है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
जानकारी के अनुसार, खुखुंदू क्षेत्र के एक गांव की 16 वर्षीय किशोरी क्षेत्र के एक इंटर कॉलेज में कक्षा नौवीं में पढ़ाई करती है। आरोप है कि काॅलेज आने-जाने के दौरान उसे एक युवक ने प्यार के जाल में फंसा लिया है।
दोनों के बीच करीब एक साल से प्रेम-प्रसंग चल रहा है। किशोरी के घरवालों का कहना है कि प्रेमी उससे चोरी-चुपके मिलता रहता है और मोबाइल फोन से बात भी करता है।
किशोरी के पिता का कहना है कि बृहस्पतिवार की रात को प्रेमी गांव के आसपास आया और बेटी को मिलने के लिए बुलाया। बेटी चोरी-चुपके मिलने के लिए निकली तो उसे गांव के बाहर जाकर पकड़ लिया गया। वह प्रेमी के बारे में कुछ भी बताने को तैयार नहीं है। शुक्रवार की सुबह में भी प्रेमी गांव आ पहुंचा था। मगर जब भी उसके बारे में कुछ पूछा जा रहा है तो किशोरी परिजनों से विवाद कर ले रही है। पुलिस भी मौके पर पहुंची थी। हालांकि, वह पकड़ में नहीं आया।