मुकदमा दर्ज नहीं होने से नाराज परिजनों ने थाना गेट पर दिया धरना
लार। तहरीर के मुताबिक मुकदमा दर्ज नहीं करने से नाराज परिजन घायल युवक को चारपाई पर रख कर समाधान दिवस में पहुंच गए और थाना गेट पर धरना दिया। एएसपी से मिलने की जिद पर अड़ गए। पुलिस कर्मियों ने धरना दे रहे लोगों को थाना गेट से हटने को कहा। इस दौरान पुलिसकर्मियों में तीखी नोकझोंक हुई। प्रभारी निरीक्षक ने किसी तरह उन्हें गेट से हटाया।
लार थाना क्षेत्र के धकपुरा निवासी रवि प्रकाश प्रसाद व प्रधान पति सुबंस प्रसाद के बीच 11 अगस्त को मारपीट हो गई थी। गंभीर रूप से घायल रवि के परिजनों ने थाने में तहरीर दी तो पुलिस ने एनसीआर लिख दी। इससे नाराज परिजन शनिवार को रवि को चारपाई पर लिटाकर समाधान दिवस में पहुंचे और तहरीर बदलवाने का आरोप लगाकर थाना गेट पर एएसपी से मिलने की मांग करने लगे। इस बाबत प्रभारी निरीक्षक प्रदीप शर्मा ने बताया कि तहरीर के मुताबिक केस दर्ज किया गया था। दोबारा धारा बढ़ाने के लिए धरने पर बैठे थे। समझा कर उन्हें घर भेज दिया गया है।
दीवान पर तहरीर बदलवाने का आरोप
लार। गम्भीर रूप से घायल रवि के चाचा लक्ष्मण प्रसाद ने एक दीवान पर तीन बार तहरीर बदलवाने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि हमने घटना के मुताबिक टांगी से सिर में वार करने की तहरीर दी थी। जब की घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके से टांगी भी अपने कब्जे में लिया। हमारे भतीजा रवि पर टांगी से ही हमला हुआ था।
पीड़ितों को थाने से खदेड़ने लगा युवक
लार। तहरीर के मुताबिक मुकदमा दर्ज नहीं करने से थाना गेट पर धरना दे रहे परिजनों को थाने में अक्सर नजर आने वाला एक युवक खदेड़ने लगा। उसने पुलिस की तरफदारी करते हुए लोगों पर धौंस दिखाने लगा। वहां मौजूद लोगों से उसकी बहस हो गई। सूत्रों की मानें तो वह अक्सर थाने में मौजदू रहता है। इसके पहले भी कई मामलों में उसने हस्तक्षेप किया था। जिसको लेकर उसकी लोगों से झड़प हो चुकी है।