खराब काम करने वाले थानेदारों को गंवानी पड़ेगी कुर्सी
देवरिया। डीआईजी व पुलिस अधीक्षक डॉ. श्रीपति मिश्र ने थानेदारों और पुलिसकर्मियों की कार्यशैली का नब्ज टटोलने के लिए लोगों से ऑनलाइन फीडबैक मांगा है। उसके आधार पर पुलिस का काम बेहतर बनाने की मंशा है। जिनके कारण पुलिस की छवि धूमिल हो रही है, उन पर कार्रवाई होगी। एसपी की इस पहल से कुछ थाना प्रभारी बेचैन हैं।
अभी कुछ दिन पहले एडीजी जोन गोरखपुर अखिल कुमार ने सभी जनपदों की पुलिस के बारे में ऑनलाइन जानकारी जुटाई थी। इसी तर्ज पर एसपी ने जनपद की पुलिस के बारे में फीडबैक लेने के लिए 17 अप्रैल तक डायरेक्ट पोल व ट्वीटर पोल के माध्यम से थानों की कार्यप्रणाली पर जनता की राय मांगी है। सोमवार से शुरू हुए ऑनलाइन डायरेक्ट पोल एवं ट्वीटर पोल में चार विकल्प दिए गए हैं।
इसमें पुलिस के काम के प्रति क्या नजरिया है, जिसमें अति उत्तम, उत्तम, साधारण एवं खराब का कालम है। इनमें एक पर क्लिक करना होगा। प्रत्येक थानों के डायरेक्ट पोल एवं ट्वीटर पोल के लिंक थानों पर नियुक्त बीपीओ के माध्यम से बनाए गए बीट पुलिस व्हाट्सएप ग्रुप पर भी भेजा गया है। पुलिस के अधिकारिक ट्वीटर हैंडल @deoriapolice पर उपलब्ध रहेगा, जहां पर जनता अपनी राय दे सकती है। लोग अपनी राय डायरेक्ट पोल एवं ट्वीटर पोल के माध्यम से दे सकते हैं।
एसपी डॉ. श्रीपति मिश्र ने कहा कि अधिक से अधिक लोगों को इसमें पोल करना चाहिए, ताकि पुलिस का काम बेहतर हो सके। ‘आपकी राय, हमारा सुधार’ की तर्ज पुलिस काम करेगी। फीडबैक मिलने पर सभी थाने के बारे में जानकारी मिलेगी। अच्छा काम करने वालों को सम्मान दिया जाएगा। जहां खराब काम मिलेगा, वहां सुधार किया जाएगा।