फोटो समाचार..........
परिषदीय विद्यालयों के बच्चों के माध्यम से घर-घर वोट करने की अपील के लिए संकल्प पत्र प्रेषित किए जाएंगे
समस्त ब्लॉकों के कम मत प्रतिशत वाले बूथों पर विशेष कार्यक्रम का होगा आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। मतदाता जागरूकता के लिए चलाए जा रहे स्वीप कार्यक्रम के अंतर्गत जिले के समस्त ब्लॉकों के कम मत प्रतिशत वाले बूथों पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। सीडीओ प्रत्यूष पांडेय के निर्देशन में चिह्नित बूथों पर परिषदीय विद्यालयों के बच्चों के माध्यम से घर-घर वोट करने की अपील के लिए संकल्प पत्र प्रेषित किए जाएंगे।
इसका उद्देश्य शिक्षा अथवा रोजगार के लिए जनपद से बाहर रह रहे, होली के त्योहार में घर आए हुए मतदाताओं, को बच्चों द्वारा 1 जून को मतदान के लिए संकल्पित करने का कार्य करना है। इसके लिए अभिभावक अपने परिवार के सदस्यों का नाम मतदाता सूची में जांचते हुए छूटे हुए नामों को बीएलओ के माध्यम से जुड़वाकर मतदान के लिए संकल्प लेंगे।
मुख्य विकास अधिकारी व स्वीप नोडल प्रत्यूष पांडेय ने बताया कि इस कार्यक्रम के माध्यम से हम उन मतदाताओं तक अपनी पहुंच सुनिश्चित करेंगे जो अब तक किसी कारणवश मतदान प्रक्रिया से छूट गए हैं। संकल्प पत्र के माध्यम से कम मतदान प्रतिशत वाले बूथ पर अंतिम व्यक्ति तक पहुंच बनाकर मतदान प्रतिशत में बढ़ोतरी कराई जाएगी।
50 प्रतिशत से कम मतदान वाले 500 बूथ चिह्नित
बेसिक शिक्षा अधिकारी एवं सहायक स्वीप नोडल शालिनी श्रीवास्तव ने बताया कि सशक्त लोकतंत्र के लिए ज्यादा से ज्यादा लोगों की मतदान प्रक्रिया में सहभागिता आवश्यक है। उसी क्रम में संकल्प पत्र वितरण का कार्य सहायक सिद्ध होगा।
जनपद के कुल 500 कम मत प्रतिशत वाले बूथों को चिह्नित कर प्रत्येक विधान सभा से न्यूनतम 50 कम मतदान प्रतिशत वाले बूथों पर परिषदीय विद्यालयों के प्रधानाध्यापक और बीएलओ के माध्यम से संकल्प पत्र वितरण का कार्य पूर्ण कराया जाएगा। कम मतदान प्रतिशत वाले बूथों में विधानसभा रुद्रपुर से रामजी सहाय डिग्री काॅलेज, प्राथमिक विद्यालय फतेहपुर लक्ष्मीपुर, प्राथमिक विद्यालय मदनपुर एवं लक्ष्मीपुर देवरिया सदर से बाबा राघव दास इंटर कॉलेज, महाराजा अग्रसेन इंटर कॉलेज, स्वामी दयानंद विद्यालय, पथरदेवा से प्राथमिक विद्यालय मुंडेरा प्राथमिक विद्यालय हरैया, बरपार, प्राथमिक विद्यालय पुतवा, रामपुर कारखाना से जल निगम कार्यालय भटनी, प्राथमिक विद्यालय नौतन, मणिनाथ इंटर कॉलेज नोनापार, प्राथमिक विद्यालय मझौलिया, भाटपार रानी से जूनियर हाई स्कूल बनकटा मिश्र, रघुराज सिंह इंटर कॉलेज, बीआरडी इंटर कॉलेज, प्राथमिक विद्यालय बनकटा, विधानसभा सलेमपुर से चंद्रशेखरगढ़ बालिका विद्यालय, प्राथमिक विद्यालय हरिजन बस्ती, प्राथमिक विद्यालय बघरा, बरहज से एसके इंटर कॉलेज बरहज, प्राथमिक विद्यालय पश्चिम पैना, प्राथमिक विद्यालय बरहज, श्रीराम इंटर कॉलेज तेलिया कला आदि प्रमुख हैं। विद्यालयों के माध्यम से हस्ताक्षरित संकल्प पत्रों को मंगवाकर जिला मुख्यालय पर प्रेषित किया जाएगा।