फोटो समाचार.......
संवाद के दौरान बच्चों को माता-पिता, चाचा-चाची को मतदान कराने के लिए किया प्रेरित
डीएम और एसपी ने किया विभिन्न बूथों का निरीक्षण, दिए आवश्यक निर्देश
मतदान केंद्र हिरंदापुर में रैंप से संबंधित खामियां मिलीं, नाराजगी जताते हुए एक सप्ताह के भीतर मरम्मत कराने के निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। जिलाधिकारी अखंड प्रताप सिंह और पुलिस अधीक्षक संकल्प शर्मा ने शुक्रवार को विधानसभा क्षेत्र रामपुर कारखाना स्थित विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। डीएम ने लोगों से भोजपुरी में छोड़िके जलपान, रउआ करीं पहिले मतदान के लिए प्रेरित किया।
जिलाधिकारी सर्वप्रथम अशोक इंटरमीडिएट कॉलेज डुमरी रामपुर कारखाना पहुंचे। उक्त मतदान केंद्र पर तीन बूथ बनाए गए हैं। बूथ नंबर 17 पर 1067 मतदाता, बूथ नंबर 18 में 1252 तथा बूथ नंबर 19 पर 1094 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
जिलाधिकारी ने उक्त बूथ पर पेयजल, चार्जिंग पॉइंट, पंखा प्रकाश व्यवस्था, रैंप, शौचालय, यूरिनल सुविधा इत्यादि के संबंध में जानकारी प्राप्त की। पुलिस अधीक्षक ने क्रिटिकल के रूप में चिह्नित इस मतदान केंद्र पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अराजक तत्वों को चिह्नित कर उनके विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। मतदान को भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराया जाएगा।
इसके बाद जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने मतदान केंद्र प्राइमरी स्कूल सिरसिया नंबर एक का निरीक्षण किया। उक्त केंद्र पर तीन बूथ बनाए गए हैं। यहां जिलाधिकारी ने छात्रों के साथ संवाद भी किया और सभी बच्चों को आगामी एक जून को होने वाले मतदान में अपने माता-पिता, चाचा-चाची, दादा-दादी सहित घर के सभी मतदाताओं को मतदान कराने के लिए प्रेरित किया। विद्यालय की प्रधानाचार्य स्मिता श्रीवास्तव ने डीएम को बूथ एवं आवश्यक सुविधाओं के संबंध में जानकारी दी।
डीएम ने जनता इंटर कॉलेज, रामपुर कारखाना का जायजा लिया। मतदान केंद्र पर छह बूथ बनाए गए हैं। लगभग सात हजार लोग अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मतदाताओं की संख्या को देखते हुए विशेष एहतियात बरतने के निर्देश दिए। डीएम ने मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए जनपद से बाहर रह रहे परदेसी मतदाताओं को बुलाने के लिए ग्राम प्रधान को प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि सर्वाधिक मतदान प्रतिशत वाले ग्रामों के प्रधानों को सम्मानित किया जाएगा।
मतदान केंद्र हिरंदापुर में रैंप से संबंधित खामियां मिली, जिस पर डीएम ने नाराजगी जताई और एक सप्ताह के भीतर मरम्मत कराने के निर्देश दिए। इस दौरान एएसडीएम अंगद यादव सहित विभिन्न अधिकारी मौजूद रहे।