एसडीएम सदर के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम का तीन अल्ट्रासाउंड सेंटर पर छापा, एक सील
देवरिया। शहर में अवैध अल्ट्रासाउंड सेंटरों पर अंकुश लगाने के लिए प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बुुधवार को राघवनगर मोहल्ले में तीन सेंटरों पर छापा मारा। इस दौरान एक केंद्र पर चिकित्सक की बजाए दूसरे व्यक्ति द्वारा अल्ट्रा साउंड जांच करते पाए जाने पर सेंटर को सील कर दिया गया। वहीं, अन्य दो सेंटरों को नोटिस दिया गया।
शहर में अवैध अल्ट्रासाउंड केंद्रों पर नकेल कसने के लिए प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग गंभीर है। इसके मद्देनजर बुधवार को एसडीएम सदर सौरभ सिंह के नेतृत्व में एसीएमओ डॉ. सुरेंद्र सिंह, वरिष्ठ सहायक अरुण कुमार शाही शहर के राघव नगर मोहल्ला स्थित जनप्रिय अल्ट्रा साउंड सेंटर पर पहुंचे, जहां चिकित्सक नहीं थे। एक व्यक्ति अल्ट्रासाउंड कर रहा था। एक मरीज ने बताया कि वही व्यक्ति जांच किया है। इसके बाद टीम ने सेंटर को सील कर दिया। इसके बाद टीम अरुण अल्ट्रा साउंड सेंटर पर पहुंची, जहां डॉक्टर नहीं थे, लेकिन कुछ देर बाद आ गए। टीम शिवम् अल्ट्रा साउंड सेंटर पर पहुंची, जहां न चिकित्सक थे और ही कोई मरीज। टीम ने दोनों अल्ट्रा साउंड सेंटरों के संचालकों को नोटिस जारी करते हुए तीन दिन के अंदर जवाब देने को कहा है।
एसीएमओ ने बताया कि शहर के तीन अल्ट्रा साउंड सेंटरों पर छापा मारा गया। वहीं, एक अल्ट्रासाउंड सेंटर को सील कर दिया गया है। साथ ही मुकदमा दर्ज कराने की कार्रवाई की जा रही है। जबकि अन्य दो अल्ट्रा साउंड सेंटरों को नोटिस दिया गया है।