भटनी। घायल मोहन के हमलावरों की गिरफ्तारी व केस में हत्या के प्रयास का धारा बढ़ाने के लिए लेकर चांदपार गांव के लोगों ने सोमवार को भी प्रदर्शन किया। ग्रामीणों के समर्थन में चौराहे के दुकानदारों ने भी अपनी दुकानें बंद कर आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग की। जानकारी पर पहुंचे एसओ ने दो दिनों में आरोपियों की गिरफ्तारी करने व धारा बढ़ाने का आश्वासन दिया। इसके बाद दुकानें खुली और ग्रामीण अपने घरों को गए। वहीं पुलिस ने एक आरोपित के करीबी को हिरासत में लेकर हमलावरों की तलाश में जुटी है।
20 जुलाई को चांदपार गांव निवासी मोहन यादव अपने साथी दूधनाथ कुशवाहा के साथ बाजार से घर लौट रहे थे। तभी बगल गांव के गोल बंद युवकों ने दोनों पर हमला कर दिया। इससे मोहन गंभीर रूप से घायल हो गए। उनका इलाज गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। मामले में पुलिस ने पांच नामजद समेत 15 लोगों पर जानलेवा हमला,बलवा आदि धाराओं में केस दर्ज किया है। वहीं परिवार वाले हत्या के प्रयास का केस दर्ज करवाना चाहते हैं। इसे लेकर सोमवार सुबह 10 बजे मोहन की पत्नी लालमती देवी के नेतृत्व में ग्रामीण चांदपार चौराहे पर एकत्र हुए। लोगों ने दुकानदारों से समर्थन मिलने पर दुकानें बंद करवा पुलिस और हमलावरों के खिलाफ प्रदर्शन किया। थानाध्यक्ष श्यामसुंदर तिवारी ने कहा कि हमलावरों को पकड़ने के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। उनके एक करीबी को पकड़ा गया है। मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर केस दर्ज गया है।