चोरी के सामान के साथ तीन लोग गिरफ्तार, पुलिस ने 24 घंटे में किया पर्दाफाश
रुद्रपुर। मेदनापुर गांव के दो घरों में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने किया 24 घंटे के अंदर पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने तीन लोगों को पकड़ लिया है। उनके पास से चोरी गए सामान की बरामदगी का दावा पुलिस कर रही है। तीनों चोर नट समुदाय के बताए जा रहे हैं। वह कुछ दिन पहले ही इस क्षेत्र में रेकी कर रहे थे।
कोतवाली प्रभारी बृजेश मिश्र ने बताया कि मेदनापुर गांव के संत प्रसाद का परिवार गर्मी के नाते छत पर सो रहा था। चोर उनके घर में सेंधमारी कर घुस गए उन्होंने बगल के अर्जुन प्रसाद के मकान की कुंडी तोड़कर आभूषण और नकदी आदि गायब कर दी। एसपी के निर्देश पर सीओ अंबिका प्रसाद की देखरेख में पुलिस की टीम गठित कर चोरी के सामान के साथ तीन चोरों को गिरफ्तार कर लिया है। तीनों तारासारा स्थित ब्रजेेश पांडेय के ईट भट्ठे के पास से पकड़े गए। पकड़े गए आरोपी मोतीलाल पुत्र गोरख नट निवासी नकटापार, मक्खन पुत्र लग्गड़ नट निवासी पकड़ी बाजार,संजय नट पुत्र महेश नट निवासी कंचनपुर थाना तरकुलवा के पास से पांच अदद पीली धातु के आभूषण, 10 अदद सफेद धातु के आभूषण और अन्य सामान बरामद किया गया है। चोरी के पर्दाफाश में लगाई गई पुलिस टीम के कोतवाल बृजेश कुमार मिश्र, उपनिरीक्षक सुनील कुमार, सिपाही उमेश चौहान, अभय सिंह, रामभुवन पटेल, स्वतंत्र कुमार शक्ति और महिला सिपाही सुनीता को सीओ अंबिका प्रसाद ने पुरस्कृत किया।