जनसेवा केंद्र से फर्जी प्रमाणपत्र बनाने वाले गिरोह का पर्दाफाश
पथरदेवा/बघौचघाट। फर्जी आय, जाति सहित विभिन्न तरह के प्रमाणपत्र बनाने वाले गिरोह का रविवार को एसडीएम और सीओ ने पर्दाफाश किया है। पुलिस लाइंस में आयोजित प्रेसवार्ता में एसडीएम सदर सौरभ सिंह ने बताया कि सीओ सदर श्रीयश त्रिपाठी के साथ पथरदेवा बाजार में एक सहज जन सेवा केंद्र पर छापा मारा गया। वहां से संचालक व उसके भाई को पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ की तो इस गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। दोनों के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है।
उन्होंने बताया कि शनिवार की देर शाम किसी ने सूचना दी कि पथरदेवा में एक सहज जन सेवा केंद्र पर फर्जी कागजात बनाए जा रहे हैं। पथरदेवा बाजार स्थित जेआईआईटी इंस्टीच्यूट पर छापा मारा गया। वहां से 107 फर्जी निवास प्रमाणपत्र, 144 जाति प्रमाणपत्र, निर्वाचन और ई श्रम कार्ड बरामद किए गए। एसडीएम कार्यालय सहित, ग्राम पंचायत अधिकारियों की मुहर भी मिलीं। कुछ मुहर बिहार के अधिकारियों की भी थीं। जांच में यह भी उजागर हुआ है कि सहज जनसेवा केंद्र का लाइसेंस नहीं लिया गया था। पुलिस ने संचालक जितेंद्र कनौजिया और उसके भाई सतेंद्र कनौजिया के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है।
टीम में ये भी रहे शामिल
फर्जी प्रमाणपत्र बनाने वाले गिरोह का पर्दाफाश करने वाली टीम में तरकुलवा के एसओ नवीन कुमार सिंह, दरोगा जय शंकर मिश्र, दीवान राज कुमार, सिपाही राम अशीष यादव, राहुल चौधरी, कृष्ण गोपाल, प्रशांत वर्मा, सदरूद्दीन अंसारी, अजय यादव शामिल रहे।