चोरी की दो बाइक व तमंचा के साथ तीन बाइक लिफ्टर गिरफ्तार
- सुतावर के सामने से घेराबंदी कर पुलिस ने दबोचा
संवाद न्यूज एजेंसी
लार। चोरी की बाइक लेकर बिहार जा रहे तीन बाइक लिफ्टरों को पुलिस ने घेराबंदी कर सुतावर गांव के समीप दबोच लिया। तीनों के पास से चोरी की दो बाइक व एक तमंचा बरामद हुआ है। पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर तीनों को न्यायालय में पेश किया। वहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
प्रभारी निरीक्षक नवीन सिंह, एसएसआई राममोहन सिंह रविवार की शाम गश्त कर रहे थे। मुखबिर ने सूचना दी कि चोरी की दो बाइक के साथ तीन युवक मेहरौना के रास्ते बिहार जाने की फिराक में हैं। सूचना पर सक्रिय हुई पुलिस वाहन लिफ्टरों की तलाश में सुतावार तिराहे पर पहुंच गई। तभी दो बाइक पर तीन युवक आते दिखे। शक होने पर पुलिस ने रोका तो वह रफ्तार बढ़ा कर भागने लगे। इस पर पुलिस ने कुछ ही दूरी पर घेराबंदी कर तीनों को दबोच लिया। पुलिस थाने लेकर पहुंची। तीनों के पास से दो चोरी की बाइक व एक देशी तमंचा बरामद हुआ। पूछताछ में उनकी पहचान विनोद कुमार उर्फ लड्डन निवासी वैश्यकर्णी वार्ड लार, धन्नु कुमार भारती, दलित बस्ती वार्ड लार, शाकिर चोरडीहा लार के रूप में हुई। इनके खिलाफ पुलिस ने अभियोग पंजीकृत कर न्यायालय के समक्ष पेश किया। वहां से जेल भेज दिया गया। प्रभारी निरीक्षक नवीन सिंह ने बताया कि तीन बाइक चोरों को गिरफ्तार किया गया है। दो बाइक व देशी तमंचा बरामद किया गया है।