कच्छा बनियान गिरोह के सदस्यों को पकड़ने के लिए घेराबंदी
- नूनखार स्टेशन से महिला सहित 15 को हिरासत में लिया गया
संवाद न्यूज एजेंसी
खुखुंदू। बनकटा थाना क्षेत्र के भठवा पांडेय गांव में रविवार की रात में कहर बरपाने वाले कच्छा बनियान गिरोह को पकड़ने के लिए कई थानों की पुलिस और एसओजी ने जाल बिछाया। पुलिस ने करीब 15 संदिग्धों को हिरासत में लिया है। जिनसे पूछताछ की जा रही है।
सोमवार सुबह पुलिस को मुखबिर ने सूचना दिया कि कच्छा बनियान गिरोह के सदस्य पैसेंजर ट्रेन से देवरिया के लिए जा रहे हैं। इसमें काफी संख्या में बच्चे और महिलाएं हैं। सूचना मिलने पर पुलिस सक्रिय हो गई। शहर कोतवाल नवीन कुमार सिंह और एसओजी सदर रेलवे स्टेशन की ओर निकल पड़े लेकिन इसी बीच पता चला कि ट्रेन को नूनखार रेलवे स्टेशन पर रोक दिया गया है। इस पर भाटपाररानी के सीओ पंचम लाल, कोतवाल, एसओजी, खुखुंदू एसओ अनिल कुमार, भटनी एसओ श्यामसुंदर तिवारी, बनकटा एसओ घनश्याम सिंह ने नूनखार स्टेशन पर ट्रेन की तलाशी लेनी शुरू किया तो कुछ लोग भागने लगे। पुलिस ने महिला समेत 15 लोगों को हिरासत में लिया है। जिनसे पूछताछ की जा रही है। सीओ ने बताया कि ट्रेन की तलाशी में संदिग्ध पकड़े गए हैं। पूछताछ जारी है।
---------------
डेरा जमा कर दिन में रेकी और रात कर रहे चोरी
देवरिया। पुुलिस को कुछ दिन पहले भनक लगी थी कि कुछ घुमंतू जातियों के लोग बिहार के बॉर्डर पर स्थित गांवों में डेरा जमा कर चोरी की घटना को अंजाम दे रहे हैं। यह गिरोह सड़क के किनारे और बागीचे में अस्थाई निवास बना रहा है। इसमें महिलाएं और बच्चे भी हैं। जो दिन में गांवों में जाकर मकानों की रेकी करते हैं। इसके बाद रात में घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं।