सलेमपुर। कोतवाली क्षेत्र के मझौलीराज स्थित भगड़ा भवानी मंदिर के पास 10 दिसंबर 2025 को बाइक सवार युवकों पर हमला करने के आरोपी तीसरे पशु तस्कर को भी पुलिस ने सोमवार की रात गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को मंगलवार को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। इसमें शामिल दो तस्करों को पुलिस ने तत्काल गिरफ्तार कर लिया था।
मझौलीराज के चौबे टोला निवासी 22 वर्षीय सौरभ चतुर्वेदी तथा उसी मोहल्ले के 20 वर्षीय आशुतोष पांडेय 10 दिसंबर की रात करीब 11 बजे बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान पशुओं से लदी बोलेरो ने उन्हें टक्कर मार दी थी। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए थे। सौरभ चतुर्वेदी की उसी दिन मौत हो गई थी। जबकि आशुतोष पांडेय का इलाज लखनऊ स्थित किंग जॉर्ज मेडिकल कॉलेज में चल रहा था, जहां कुछ दिन बाद मौत हो गई थी।
हादसे के बाद पुलिस ने 12 दिसंबर 2025 की रात नदावर पुल के पास मुखबिर की सूचना पर मो. दिलशाद निवासी खगौरा, थाना धनौती, जिला सीवान (बिहार) तथा साहिल अली निवासी खगौरा, थाना धनौती, जिला सीवान (बिहार) को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
इसी मामले में फरार चल रहे तीसरे आरोपी मंटू निवासी सेहूता, थाना मदनपुर को सोमवार की रात कोतवाली पुलिस ने भरथुआ चौराहे से गिरफ्तार कर लिया। सीओ मनोज कुमार ने बताया कि पशुओं से भरी बोलेरो की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौत हुई थी। बोलेरो से छह गोवंश बरामद किए गए थे। इसमें शामिल फरार चल रहे तीसरे तस्कर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।