देवरिया। जिले में चल रहे विधानसभा मतदाता सूची के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण में अब तक 66816 मतदाता ऐसे सामने आए हैं, जिनका नाम अगली सूची से हटना लगभग तय है। प्रारंभिक जांच में यह पता लगा है कि 24 हजार से ज्यादा नाम ऐसे हैं, जिनकी मौत हो चुकी है, तो वहीं 31879 लोग यहां से स्थायी रूप से दूसरी जगह जाकर बस चुके हैं। इसमें 4251 नाम ऐसे हैं, जिनको अभी बीएलओ भी खोज नहीं पाए हैं।
जिले में मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण कार्य में पूरा जिला प्रशासन लगा हुआ है। बृहस्पतिवार की दोपहर तक जो सूची अपडेट हुई थी, उसके अनुसार जिले के 2409009 मतदाताओं में से अब तक 2392380 मतदाताओं को गणना प्रपत्र दिया जा चुका है। इनमें से अब तक 972645 मतदाताओं का गणना प्रपत्र अपलोड हो चुका है। यह कुल का 40.38 प्रतिशत है। अभी तक के सत्यापन रिपोर्ट में कई चौंकाने वाली जानकारी मिली है।
सबसे ज्यादा मृतक वोटर भाटपार रानी में
निर्वाचन कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार जिले में 24092 नाम ऐसे मिले हैं, जिनकी मौत हो चुकी है। इनमें रुद्रपुर विधानसभा क्षेत्र में 1747, देवरिया में 3853, पथरदेवा में 3711, रामपुर कारखाना में 3439, भाटपार रानी में 5908, सलेमपुर में 3349 और बरहज में 2085 नाम शामिल हैं।
31879 लोग बस गए हैं दूसरी जगह
मतदाता सूची में 31879 नाम ऐसे भी मिले हैं, जो पहले ही कहीं और जाकर बस गए हैं। माना जा रहा है कि ये लोग एक से अधिक स्थानों पर वोटर होंगे। रिपोर्ट के अनुसार रुद्रपुर विधानसभा क्षेत्र में 2246, देवरिया में 4772, पथरदेवा में 4557, रामपुर कारखाना में 3459, भाटपार रानी में 8387, सलेमपुर में 6373 और बरहज में 2085 मतदाता दूसरी जगह जाकर बस चुके हैं।
सहायक निर्वाचन अधिकारी अवधेश निगम ने कहा कि मतदाता सूची का विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्य प्रगति पर है। अभी तक करीब 40 फीसदी कार्य पूरा हुआ है। सभी कर्मचारी रात-दिन एक करके सूची को सही बनाने का प्रयास कर रहे हैं। जो लोग अपात्र हैं, उनका नाम सूची से हटाया जाएगा।